क्वितो। इक्वाडोर के पश्चिमी समुद्र तट के नजदीक 7.8 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप से मरने वालों की संख्या 28 तक पहुंच चुकी है। भूकंप के चलते राजधानी क्वितो में इमारतों में दरारें पड़ गई और डरे-सहमे लोग घरों को छोड़कर बाहर निकल आए। भूकंप के बाद सुनामी की चेतावनी भी जारी की गई है। स्थानीय मीडिया ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि इलाके में घरों की छतें टूट गई है। इस शक्तिशाली भूूकंप के चलते एक फ्लाईओवर भी टूटकर गिर गया। अमरीका के भूवैज्ञानिकों के मुताबिक भूकंप का केन्द्र इक्वाडोर के मुइस्ने है। ये काफी व्यस्त इलाका है, जहां पर लोग मछली पकडऩे के लिए बड़ी संख्या में आते हैं।

भूकंप के कारण सेवाएं बाधित

भूकंप का केन्द्र धरती से महज 10 किलोमीटर अंदर था। भूकंप का केन्द्र राजधानी क्वितो से करीब 170 किलोमीटर दूर है। भूकंप के कारण कई इलाकों में बिजली और मोबाइल सेवाएं बाधित होने की सूचना है।

सुनामी की चेतावनी

सुनामी की चेतावनी जारी करते हुए पेसिफिक सुनामी वार्निंग सेंटर ने बताया गया है कि भूकंप के केन्द्र से 300 किलोमीटर के दायरे में आने वाले समुद्र में ऊंची-ऊंची लहरें उठ सकती हैं। यूएस जिओलॉजिकर सर्वे के अनुसार इस क्षेत्र में 11 मिनटों के दौरान दो भूकंप के झटके महसूस किए गए। इनमें से पहला 4.8 तीव्रता का और दूसरा 7.8 तीव्रता का था।

आपातकाल लगाया 

इक्वाडोर के उप राष्ट्रपति ने बताया है कि भूकंप से अब तक 28 लोगों की मौत हो चुकी है। देश में भूकंप के चलते बड़े पैमाने पर हुए नुकसान को देखते हुए आपातकाल लगा दिया गया है।