विदेश मंत्रालय के अनुसार यूक्रेन में मरने वाले भारतीय छात्रों के नाम प्रणव शांडिल्य और अंकुर सिंह हैं, जबकि इन्द्रजीत चौहान का इलाज चल रहा है

कीव। यूक्रेन के उजगोरोड में दो भारतीय छात्रों की हत्‍या के मामले में पुलिस ने कुछ लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। यह जानकारी विदेश मंत्रालय के प्रवक्‍ता की ओर से दी गई। विदेश मंत्रालय के अनुसार यूक्रेन में मरने वाले भारतीय छात्रों के नाम प्रणव शांडिल्य और अंकुर सिंह हैं। जबकि इन्द्रजीत चौहान का इलाज चल रहा है। उनके बयान के आधार पर ही यूक्रेन पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। प्रवक्‍ता के मुताबिक यूक्रेन में मारे गए छात्र उत्‍तर प्रदेश के रहने वाले हैं। पुलिस ने इनकी हत्‍या करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मिली जानकारी के मुताबिक एक भारतीय छात्र का इलाज अस्‍पताल में चल रहा है।

स्थानीय निवासी ने दी पुलिस को जानकारी

आपको बता दें कि तीन छात्रों को मारने की कोशिश की गई थी। जिसमें दो की मौत हो गई जबकि एक गंभीर रूप से घायल हुआ है। जानकारी के मुताबिक एनपी राज्य में रविवार को हॉट लाइन 102 के एक स्थानीय निवासी ने इस घटना के बारे में बताया। जानकारी देने वाले शख्स ने कहा कि अपने घर की गली में उसने दो युवकों को मृत पाया जबकि एक युवक चाकू से घायल गंभीर स्थिति में मिला। घटनास्थल पर तुरंत जांच टीम पहुंची और घायल युवक को एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया। अधिकारियों को घर में एक व्यक्ति मिला जिसने तीन भारतीय छात्रों को किराए पर घर दिया था। इस घटना के पीछे देर रात दोस्तों के बीच हुई पार्टी भी हो सकती है। दरअसल पुलिस को उस जगह से शराब की बोतल मिली थी।