लॉइन न्यूज, बीकानेर। विधानसभा चुनाव की टिकटों के वितरण की निर्णायक घड़ी में जब राजस्थान की विधानसभाओं से छोटे-छोटे दावेदार भी दिल्ली में डेरा डाले हुए हैं, तो आखिर क्या कारण है कि रामेश्वर डूडी एक नवम्बर को बीकानेर पहुंच रहे हैं। यह सवाल बीकानेर के राजनीतिक गलियारों में मंगलवार की शाम से तैर रहा है।

राजस्थान विधानसभा के निवर्तमान नेता प्रतिपक्ष का बुधवार को बीकानेर आने का कार्यक्रम है। वे हवाई मार्ग से बीकानेर पहुंचेंगे और यहां से नोखा जाएंगे। नोखा के डूडी हाउस में वे कार्यकर्ताओं से मिलेंगे।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार डूडी नोखा में डैमेज-कंट्रोल के लिए पहुंच रहे हैं। डूडी के कार्यकर्ताओं का ऐसा मानना है कि पिछले दिनों डूडी के निर्वाचन क्षेत्र बदलने सम्बन्धी अफवाहों का कारण कार्यकर्ताओं में एक असन्तोष घर कर गया है। कुछ ने नाराजग़ी भी जताई है। ऐसी स्थिति में डूडी ने पहले चरण का टिकट वितरण का काम पूरा करवाने के बाद दूसरा चरण शुरू होने से पहले के बीच मिले समय में अपने कार्यकर्ताओं से मिलकर उनके गिले-शिकवे और भ्रांतियां दूर करने के लिए नोखा पहुंच रहे हैं। इसी वजह से डूडी बीकानेर एयर पोर्ट से सीधे नोखा के लिए रवाना होंगे, जहां 11 बजे से लोगों से मिलने-जुलने का कार्यक्रम है।

उल्लेखनीय है कि डूडी की भांजी इंदु देवी तर्ड के भाजपा ज्वाइन करने, डूडी के भाजपा में जाने जैसी अफवाहें उड़ जाने के बीच नोखा में देवीसिंह भाटी की बढ़ती सक्रियता के बीच रामेश्वर डूडी के लिए यह जरूरी हो गया था कि वे समय रहते अपने कार्यकर्ताओं को संभाल लें, क्योंकि डूडी का टिकट नोखा से तय है और सिर्फ औपचारिक घोषणा होनी बाकी है। ऐसी स्थिति में डूडी को सबसे पहले अपना क्षेत्र संभालना जरूरी है, जहां उन्हें टिकट की घोषणा से पहले ही घेरने के प्रयास शुरू हो गए हैं।