लॉयन न्यूज नेटवर्क। चूरू जिले के सदर थाना के गांव घंटेल में अज्ञात चोरों ने सर्दी और सूने घर का फायदा उठाकर लाखों रूपए की नगदी और सोने-चांदी के जेवरात उड़ा लिए। विवाहिता के पीहर से अपने ससुराल लौटने पर घटना का पता चला। सदर पुलिस ने विवाहिता की रिपोर्ट पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सदर थाना पुलिस के अनुसार घंटेल निवासी कोमल कंवर ने रिपोर्ट दी कि 24 दिसम्बर को वह अपने पीहर गई थी। चार जनवरी को वापस पीहर से ससुराल आई तो घर के कमरों के ताले टूटे हुए मिले। सामान की जांच करने पर 5 लाख 9 हजार रुपए की नकदी के साथ सोने-चांदी के जेवरात गायब मिले। उन्हें कोई चोर चोरी कर ले गया।

 

विवाहिता ने रिपोर्ट में बताया कि अज्ञात चोरों ने सोने के दो बाजू, दो पुछी, दो बगड़ी, एक रखड़ी, एक जोड़ी नाक का, तीन जोड़ी पायजेब, सात चांदी की अंगूठी, दो सोने की अंगूठी, एक सोने का मंगलसूत्र, दो चांदी का सिक्का, चार सोने की चैन, दो लोकेट, 12 सोने की अंगूठी, एक कान का गुरदा, एक जोड़ी कान की लूंग, सोने की दो आड, एक सोने की नथ, दो सोने का हथफूल आदि ज्वैलरी घर से चुरा लिए।

 

रिपोर्ट में बताया कि 24 दिसम्बर से 4 जनवरी के बीच किसी अज्ञात चोर ने घर में घुसकर चोरी की घटना को अंजाम दिया है। घटना की सूचना मिलने पर सदर पुलिस ने मौका मुआयना भी किया है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।