बेल्जियम की पुलिस ने पेरिस और ब्रसेल्स पर इस्लामिक स्टेट के हमलों में संबंध में आज तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया

ब्रसेल्स। बेल्जियम की पुलिस ने पेरिस और ब्रसेल्स पर इस्लामिक स्टेट के हमलों में संबंध में आज तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है। अभियोजकों ने इस बात की पुष्टि की है कि अहम संदिग्ध मोहम्मद अबरीनी को दो अन्य संदिग्धों के साथ हिरासत में लिया गया है और अबरीनी 13 नवंबर को पेरिस में हुए आतंकवादी हमले में शामिल था। इस हमले में 130 लोग मारे गए थे।

जांचकर्ता इस बात का पता लगा रहे कि ब्रसेल्स हवाई अड्डे पर 22 मार्च को हुए हमले से जुड़ी एक सीसीटीवी फुटेज में हैट वाले जिस संदिग्ध को दिखाया गया है, वो अबरीनी है या नहीं। 31 वर्षीय अबरीनी को पुलिस ने ब्रसेल्स के मोलेनबीक इलाके से हिरासत में लिया। इस इलाके में उसे लंबे समय से छोटे अपराधों के लिए जाना जाता है।

इससे पहले पुलिस ने दो अन्य संदिग्धों को हिरासत में लिए है, जिसमें से एक की पहचान ओसामा क्रायेम के रूप में सामने आई है। क्रायेम 22 मार्च को यहां मेट्रो स्टेशन हुए हमलों से पहले के सीसीटीवी फुटेज में आत्मघाती हमलावर के साथ कथित रूप से दिख रहा है। क्रायेम पेरिस हमले के मुख्य संदिग्ध सालाह अब्देस्लाम का करीबी है।

बेल्जियम के गृहमंत्री जेन जोमबोन ने इस गिरफ्तारी अभियान में शामिल अधिकारियों को मुबारकबाद दी है। उन्होंने कहा कि इस गिरफ्तारी के बाद भी राष्ट्रीय सुरक्षा चेतावनी के स्तर में कोई बदलाव नहीं किया गया है। आतंकवाद के खिलाफ जंग जारी है।