केन्द्र की तर्ज पर प्रदेश सरकार बना रही हैं पॉलिसी
लॉयन न्यूज,बीकानेर,11 अप्रैल। केन्द्र की तर्ज पर अब राजस्थान सरकार भी ट्रांसफर पॉलिसी बनाने जा रही है। सरकार ने इस सम्बंध में एक कॉमन एसओपी जारी की है। जिसके चलते सभी विभागों को इसकी जानकारी दी गयी है। विभाग के अधिकारी चर्चा करके जरूरत के अनुसार एसओपी में अपने सुझाव शामिल करेंगे। सरकार ने जो कॉमन एसओपी जारी की है, उसके तहत किसी भी कर्मचारी का 3 साल से पहले तबादला नहीं किया जाएगा। हर कर्मचारी को अपनी सर्विस में कम से कम 2 साल ग्रामीण क्षेत्र में नौकरी करनी होगी। बता दे कि प्रदेश में हर बार तबादलों को लेकर विवाद होता है। कई अधिकारी अपने तबादलों को निरस्त करवा लेते है तो कई अधिकारी कोर्ट में इसे चुनौती तक दे देते हैं। ऐसे में अब प्रदेश की सरकार केन्द्र की तर्ज पर पॉलिसी बनाने में जुटी है।