सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत
लॉयन न्यूज नेटवर्क। अनूपगढ़ में हुए सड़क हादसे में छह लोगों की शुक्रवार को मौत हो गई। जिनका शनिवार दोपहर को गमगीन माहौल अंतिम संस्कार किया गया। ट्रेलर में क्रूजर के टकराने से एक ही परिवार के पांच लोगों को मौत हो गई। वहीं एक ही घर से तीन लोगों ने जान चली गई। गांव में एक साथ छह अर्थियां उठने पर हर किसी की आंखे नम हो गईं। शनिवार को अंतिम संस्कार के दौरान बड़ी संख्या में लोगों लोगों की भीड़ जुटी। पूरे गांव में मातम का माहौल पसरा हुआ था। शोक के चलते पूरा बाजार बंद रखा गया। शनिवार सुबह आठ बजे गांव के बाहर स्थित धर्मकांटे पर सभी के शव पहुंचे तो गांव वालों ने उन्हें वहीं पर रख लिया। इसके दो घंटे बाद वे शवों को लेकर गांव पहुंचे।

शवों को देखते ही परिजनों का हुआ हाल बेहाल, ग्रामीणों ने संभाला
हादसे में किकरावाली निवासी राशन डिपो होल्डर हेतराम (45) पुत्र हनुमान उसकी पत्नी सुनीता(42), मृतक हेतराम की चाची लिछमा देवी(55) पत्नी कृष्ण लाल, भाभी विद्या देवी(40) पत्नी देवीलाल, भाभी कलावती देवी(48) पत्नी हंसराज और क्रूजर चालक रमेश नाई(38)शंकर लाल की मौत हो गई थी। मृतका लिछमा देवी 1995-2000 तक सरपंच भी रही हैं। आज सुबह 10 बजे जब सभी शवों को उनके घर ले जाया गया, तो परिवार के सदस्यों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। जब परिवार के सदस्यों की हालत गांव वालों ने देखी तो सभी ग्रामीणों की आंखें नम हो गई। ग्रामीणों ने खुद को संभालते हुए परिवार के लोगों को ढांढस बंधाने का प्रयास किया।

चार घरों से निकलीं छह अर्थियां
आज गांव किकरवाली के चार घरों से छह अर्थियां निकली और उनका अंतिम संस्कार किया गया। हेतराम,सुनीता और हेतराम की भाभी कलावाती की अर्थी एक घर से निकली और वहीं विद्या देवी,लिछमा देवी और क्रूजर चालक रमेश नाई की अर्थी उनके घर से निकली। इसके बाद गांव की कल्याण भूमि में सभी शवो का अंतिम संस्कार किया गया।

गांव का बाजार रहा बंद
जैसे ही इस हादसे की जानकारी गांव किकरवाली के ग्रामीणों को मिली उसी दौरान गांव का बाजार बंद हो गया और आज अंतिम संस्कार किए जाने तक गांव का बाजार पूरी तरह से बंद रहा। बाजार के दुकानदारो ने अपनी इच्छा से बाजार को बंद रखकर सभी मृतकों की शव यात्रा में शामिल हुए।