इंस्टाग्राम पर हुई थी दोस्ती

लॉयन न्यूज नेटवर्क। इंस्टाग्राम पर दोस्त बनी राजस्थान की लड़की से मिलने उसके गांव गए बिहार के नीट स्टूडेंट की पीट-पीटकर हत्या कर दी। लड़की के पिता, चाचा और अन्य लोगों पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है। घटना नागौर के मेड़ता सिटी थाना क्षेत्र की है। लड़का बिहार के मधुबन का रहने वाला था। मेड़ता पुलिस के अनुसार यह पूरी घटना बुधवार की है। कोटा के एक इंस्टीट्यूट से नीट की तैयारी कर रहे 17 साल के लड़के की दोस्ती इंस्टाग्राम पर 16 साल की लड़की से हुई। लड़की से मिलने के लिए लड़का मेड़तासिटी के एक गांव में आया था। गांव में पहुंचने के बाद लड़की के घरवालों ने लड़के को पकड़ा और बुरी तरह मारपीट की। गंभीर रूप से घायल लड़के को एक्सीडेंट केस बताकर बुधवार शाम करीब 5 बजे मेड़ता अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

 

लड़के की पूरी बॉडी पर चोटों के निशान थे। सूचना के बाद हॉस्पिटल पहुंचकर लड़के की पहचान कर परिजनों को सूचना दी गई। पुलिस के अनुसार गुरुवार दोपहर बिहार से लड़के के परिजन पहुंच गए। मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया। लड़के के पिता ने लड़की के पिता, चाचा और अन्य परिजनों के खिलाफ पीट-पीटकर हत्या करने का मामला दर्ज कराया। मामले में कार्रवाई की जा रही है।