लॉयन न्यूज नेटवर्क। जोधपुर में आपसी रंजिश के चलते एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या कर शव जला दिए गए। हत्यारों ने परिवार की छह महीने की मासूम को भी नहीं छोड़ा। बुधवार सुबह चारों के शव घर के आंगन में जले हुए मिले। मामला शहर के चौराई गांव का है। पुलिस के अनुसार घटना मंगलवार रात करीब तीन बजे के आसपास की है। परिवार के लोग घर के बाहर सो रहे थे। इसी दौरान धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या की गई। इसके बाद सभी को घसीटते हुए घर के आंगन में लाया गया और आग लगा दी गई।

 

हत्याकांड की वजह अभी पता नहीं चली
पुलिस जांच के साथ-साथ फोरेंसिक टीम भी मौके से सबूत जुटा रही है। इस सामूहिक हत्याकांड की क्या वजह रही, बदमाश कौन थे, कहां के थे, कितने थे, किस हथियार से मर्डर किया गया, ये सब अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस मामले में छानबीन कर रही है।

 

ग्रामीणों ने जब सुबह घर से धुआं उठते देखा तो मकान के पास पहुंचे। यहां अंदर जाकर देखा तो पता चला चार परिजनों के शव पड़े थे। पुलिस के अनुसार पूनाराम (55), उसकी पत्नी भंवरी (50), बहू धापू (24) और उसकी 6 महीने की बेटी के शव जले हुए मिले हैं। बच्ची का शव तो पूरी तरह जल गया था। बाकी के शव अधजले थे। पुलिस के मुताबिक परिवार खेती बाड़ी करता था।

 

आग की लपटे देख ग्रामीण पहुंचे मौके पर
प्रारंभिक जानकारी में सामने आया कि पूनाराम के दो बेटे हैं। एक रेवताराम और दूसरा हरीश। धापू रेवताराम की पत्नी है। रेवताराम ओसियां तहसील के ही घेवड़ा गांव में एक कटर मशीन (जोधपुरी पत्थर की फैक्ट्री) पर काम करता है। एक दिन पहले ही वह काम पर गया था। दूसरा बेटा हरीश चामू गांव में अपने परिवार के साथ अलग रहता है। ग्रामीणों ने बताया कि सुबह करीब पांच बजे तब उन्होंने पूनाराम के घर आग की लपटें देखीं तो वे मौके पर पहुंचे। पहले सोचा सामान्य आग है पर वहां चारों के शव जल रहे थे।