केन्द्रीय विद्यालय में हुई कार्यशाला
लॉयन न्यूज ,बीकानेर,27 अप्रैल। सागर रोड स्थित पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 1 में में डिबेट क्लब द्वारा कार्यशाला का आयोजन कर विद्यार्थियों को वाद विवाद कला और कौशल विषय पर जानकारी दी गई। कार्यशाला की अध्यक्षता करते हुए शाला प्राचार्य महिपाल सिंह ने कहा की अभिव्यक्ति कौशल के विकास में वाद विवाद और भाषण जैसे महत्वपूर्ण आयाम है , इस कला मे निपुण व्यक्ति अपना अभिव्यक्ति कौशल विकसित कर सकता है। कार्यशाला में उप प्राचार्य कमला ने वाद विवाद से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा करते हुए बेहतर और सारगर्भित वाद विवाद के संयोजन की जानकारी दी। इस अवसर डिबेट क्लब प्रभारी अनीता ढाका और सह प्रभारी ज्ञानचंद ने विद्यार्थियों को सफल डिबेट संयोजन के तरीके बताएं। कार्यशाला में कक्षा 12वीं की छात्राएं उन्नति शर्मा, नैना कंवर और उर्वशी सहित कई छात्राओं ने नमूने के तौर पर दिए गए विषय पर वाद विवाद प्रस्तुति दी।

वहीं सीसीए विभाग द्वारा समाचार वाचन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह आयोजन कनिष्ठ और वरिष्ठ दो वर्गों में किया गया। जिसमें छठी से 12वीं तक के चयनित विद्यार्थियों ने भाग लिया और विभिन्न समाचार उद्घोषक की वेशभूषा में विभिन्न तरीकों से समाचार वाचन कला को प्रस्तुत किया। इस अवसर पर प्रतियोगियों को संबोधित करते हुए शाला प्राचार्य महिपाल सिंह ने कहा की वर्तमान लोकतांत्रिक युग में मीडिया की अहम भूमिका है, दिन प्रतिदिन बढ़ती मांग के कारण इस क्षेत्र में रोजगार की संभावना बरकरार है। उपप्राचार्य कमला ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की और कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की प्रतिभा को तराशने का कार्य करती है। प्रतियोगिता में शिक्षक हरि प्रकाश स्वामी, ज्ञानचंद और सरिता ने निर्णायक के रूप में भूमिका अदा की। प्रथम तीन स्थानों पर चयनित प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा।