लॉयन न्यूज, लॉस एंजिलिस। हॉलीवुड अभिनेत्री जसा गाबोर का 99 साल की उम्र में निधन हो गया। वह अपनी फिल्मों से ज्यादा आलीशान जीवनशैली, ग्लैमरस सेलेब्रिटी और कई बार शादी करने के लिए जानी जाती थीं। उन्होंने अपने जीवनकाल में नौ बार शादी रचाई थी। गाबोर के करीबी एडवर्ड लोजी ने बताया कि वह लंबे समय से बीमार थीं। उन्होंने लॉस एंजिलिस स्थित अपने घर में अंतिम सांस ली। हंगरी में छह फरवरी, 1917 का जन्मीं अभिनेत्री का अगले साल 100वां जन्मदिन था। वह 1936 में मिस हंगरी चुनी गई थीं। गाबोर 1941 में अमेरिका आईं और ‘लवली टू लूक एट’ से फिल्मी करियर की शुरुआत की। उन्होंने ‘वी आर नॉट मैरिड’ और ‘मूलान रूज’ समेत करीब 70 फिल्मों में काम किया। वह अपनी फिल्मों से ज्यादा निजी जीवन को लेकर चर्चित थीं। उन्होंने नौ बार शादी की थीं और सात बार तलाक हुआ था। उनकी पहली शादी 1937 में बुरहान आसफ से हुई थी। जबकि उनके नौवें पति फ्रेडरिक वॉन अंतिम समय तक साथ रहे। गाबोर ने अपने से काफी कम उम्र के वॉन से 1986 में शादी की थी।