टोक्यो। जापान में गुरुवार को भूकंप के तगड़े झटके महसूस किए गए, जिसमें कुछ इमारतों के ढह जाने से दे लोगों की मौत हो गई तथा लगभग 45 लोग घायल हो गए। जापान के दक्षिणी इलाके में 6.5 तीव्रता के भूकंप में सड़कों को भी नुकसान पहुंचा है। कुमामोतो प्रीफेक्चर आपदा प्रबंधन अधिकारी तकायुकी तातसुशिता ने बताया कि दोनों मौतें माशिकी शहर में हुई हैं। कमुामोतो शहर से 15 किलोमीटर उत्तर पर स्थित माशिकी शहर भूकंप से सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है। इससे पहले रेड क्रास कुमामोतो अस्पताल के अधिकारियों ने बताया कि वहां इलाज के लिए 45 लोगों को भर्ती कराया गया है। उनमें से पांच को गंभीर चोटें आई हैं। अमरीकी भूगर्भ सर्वेक्षण विभाग ने बताया कि भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 6.0 मापी गई। भूकंप का केंद्र कुमामोतो शहर से 11 किलोमीटर पूर्व में था। जापान के सरकारी प्रसारणकर्ता ने बताया कि भूकंप की तीव्रता 6.4 मापी गई। जापान सरकार के मुख्य प्रवक्ता योशिहिदे सुगा ने बताया कि कई इमारतें गिर गई हालांकि उन्होंने इसका विस्तृत ब्योरा नहीं दिया। सुनामी की चेतावनी जारी नहीं की गई है। जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने कहा, ‘स्थिति पर नियंत्रण के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। मैं स्थिति का पता लगा रहा हूं।’ एहतियातन कुछ ट्रेनों को रोक दिया गया। परमाणु नियंत्रण प्राधिकरण ने कहा कि दक्षिण द्वीप कुशू और शिकोकू में तीन परमाणु संयंत्रों में कोई गड़बड़ी नहीं पाई गई है। भूकंप का केंद्र कुमामोतो के 10 किलोमीटर दक्षिण में था।