लॉयन न्यूज नेटवर्क। अनूपगढ जिले के श्रीबिजयनगर इलाके के गांव दो बीएलएम में महिला की डिग्गी में डूबने से मौत हो गई। महिला डिग्गी में कैसे गिरी, इस बारे में अब तक स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। जिस समय हादसा हुआ परिवार के लोग सो रहे थे। जागने पर महिला अपने बिस्तर पर दिखाई नहीं दी। इस पर उन्होंने आसपास तलाश की। इसी दौरान घर के पास बनी डिग्गी में देखा तो महिला की चप्पलें नजर आईं। गांव के युवकों ने डिग्गी में तलाशा तो महिला का शव मिला। करीब साठ वर्षीय सोमा देवी सोमवार सुबह जल्दी जाग गई। उस समय परिवार में सब लोग सो रहे थे। इसी दौरान किसी समय हादसा हो गया। सुबह करीब सात बजे परिवार के लोग जागे तो उन्हें घटना की जानकारी मिली। सोमा देवी के पुत्र विजय कुमार ने इस संबंध में श्रीबिजयनगर पुलिस को रिपोर्ट दी है। इसमें शव का पोस्टमार्टम करवाकर मामले की जांच करवाने के लिए कहा गया है। मौके पर पहुंची श्रीबिजयनगर थाना पुलिस ने शव कब्जे में लेकर इसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। इसके बाद इसे परिजनों को सौंप दिया जाएगा।