लॉयन न्यूज, मुंबई। रामसे ब्रदर्स ने 1988 में हॉरर मूवी ‘वीराना’ बनाई थी। इस फिल्म से एक्ट्रेस जैस्मिन फेमस हो गईं। कहा जाता है कि जैस्मिन के पास अंडरवर्ल्ड से फोन आने लगे थे। कई अंडरवर्ल्ड डॉन उनसे गलत नीयत से मिलना चाहते थे। इसी वजह से परेशान होकर जैस्मिन ने देश ही छोड़ दिया!
प्रोड्यूसर-डायरेक्टर एनडी कोठारी ने 1979 में आई मूवी ‘सरकारी मेहमान’ में जैस्मिन को इंट्रोड्यूस किया था। इस मूवी में विनोद खन्ना और अमजद खान भी थे। म्यूजिक रवीन्द्र जैन ने दिया था। कोठारी ने ही इसके बाद 1984 में ‘डायवोर्स’ बनाई। इसमें विजयेंद्र घाटगे, शर्मिला टैगोर और गिरीश कर्नाड थे। इसमें भी जैस्मिन को रोल मिला था।
हालांकि, जैस्मिन 1988 में हॉरर मूवी ‘वीराना’ से ही फेमस हुई थीं। इस मूवी के लिए रामसे ब्रदर्स बतौर लीड एक्ट्रेस अलग चेहरा चाहते थे। इसी वजह से उन्होंने महज दो मूवी में एक्टिंग का एक्सपीरियंस रखने वाली जैस्मिन को कास्ट किया।
बताया जाता है कि इस मूवी के आने के बाद जैस्मिन अंडरवर्ल्ड के फोन कॉल्स से काफी परेशान हो गईं। इस वजह से उन्होंने आगे किसी मूवी में काम नहीं किया। ‘वीराना’ ही उनकी आखिरी फिल्म थी। इसके बाद जैस्मिन अमेरिका चली गईं। वहां उन्होंने किसी से शादी कर ली। ये भी कहा जाता है कि 1988 के बाद जैस्मिन जॉर्डन में जाकर बस गईं। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया है कि शायद जैस्मिन अब जिंदा ही न हों।