तीन शव बेड पर एक महिला शव पड़ा मिला फर्श पर

लॉयन न्यूज नेटवर्क। दो बहनों और भाई-बहन संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई। मां और बेटे-बेटी के शव कमरे में बेड पर और एक महिला की बॉडी फर्श पर पड़ी मिली। कमरे में चार फंदे भी मिले, जो कटे हुए थे। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कमरे की वीडियोग्राफी कराई। मामला डीडवाना के मौलासर इलाके का शुक्रवार देर रात का है।

डीडवाना डीएसपी धर्मपाल पूनिया के अनुसार, गांव नुवां में नाजिया (32) पत्नी सलाउद्दीन, साजिया बानो (30) पत्नी लियाकत अली और साजिया की बेटी कनिष्का बानो (7), बेटा आमिर (4) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। दोनों बहनों की 2015 में एक ही परिवार में शादी हुई थी। दोनों बहनें परिवार से अलग एक ही मकान में रह रही थीं। दोनों बहनों का पीहर डीडवाना के सिंगरावट गांव में है। इनके पति सऊदी अरब में काम करते हैं। सूचना पर पीहर पक्ष लोग भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने ससुराल पक्ष के 7 लोगों के खिलाफ मर्डर का मामला दर्ज कराया। इनमें से 6 को राउंडअप कर लिया है। सास की तलाश जारी है। शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध मौत का लग रहा है। पुलिस हत्या मानकर जांच कर रही है।

चचेरे भाई सबीर खान ने बताया कि शादी के बाद ससुराल वाले आए दिन परेशान करते थे। हम उनको ससुराल छोड़कर आते थे और वो वापस छोड़ जाते थे। दो दिन पहले 17 जनवरी को थाने में समझौता हुआ था। इसके बाद दोनों सुसराल गई थीं। ससुराल वालों ने थाने में ही धमकी दी थी अब नुवां आएगी तो देख लेंगे। वापस सही सलामत नहीं आने देंगे। ससुराल जाने के बाद 18 जनवरी को बता हुई थी। 19 जनवरी को लगातार बात करने का प्रयास किया जा रहा था। कॉल नहीं उठाया तो भाई अशफाक मौके पर देखने गया था। तब घटना के बारे में पता चला।