लॉयन न्यूज नेटवर्क। चूरू जिले के भालेरी थाना क्षेत्र में एक दलित महिला को कुल्हाड़ी से हमला कर गंभीर रूप से घायल करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने हत्या के इरादे से घर में सो रही महिला के चेहरे, छाती और दोनों हाथों पर कुल्हाड़ी से हमला किया। वहीं, आरोपी युवक पुलिस के पहुंचने से पहले ही फरार हो गया। परिजनों ने महिला को लहूलुहान हालत में गवर्नमेंट डीबी अस्पताल पहुंचाया, जहां हालत गम्भीर होने पर हायर सेंटर रेफर कर दिया।

घायल महिला के भाई विनोद ने बताया कि उसकी बहन संजू मेघवाल की 2012 में सात्यूं के एक व्यक्ति से शादी हुई थी। उसके दो बेटियां भी हैं। संजू मेघवाल का पति विदेश में मजदूरी के लिए गया हुआ है। इसलिए वह अपने पीहर भालेरी में रहती है। अभी संजू पिछले 7-8 महीने से पीहर में रह रही थी। देर रात करीब ढाई बजे भालेरी निवासी भजनलाल सैनी हत्या के इरादे से उनके घर में घुसा। उसने घर में सो रही संजू पर कुल्हाड़ी से हमला करना शुरू कर दिया। आरोपी ने संजू के चेहरे, छाती, दोनों हाथ और जांघ पर कुल्हाड़ी से वार किए। महिला के शोर मचाने पर परिवार के लोग जाग गए। घटना की पुलिस को सूचना दी। भालेरी पुलिस मौके पर पहुंचती उससे पहले आरोपी वहां से फरार हो गया। लहूलुहान हालत में संजू को डीबी अस्पताल लाया गया। मगर हालत गंभीर होने पर प्राथमिक इलाज के बाद जयपुर रेफर कर दिया।

इस संबंध में भालेरी थाना में लालचंद मेघवाल ने रिपोर्ट में बताया कि उसकी बेटी संजू का भालेरी निवासी भजनलाल सैनी काफी दिनों से पीछा कर रहा था। घटना के दिन भी रात करीब 11 बजे हमारे घर आया था। मगर उसको वहां भेज दिया गया। मगर फिर दुबारा रात करीब ढाई बजे वह कुल्हाड़ी लेकर घर में घुस गया। उसने संजू पर हमला कर दिया। पुलिस मामले की गंभीरता के साथ जांच कर रही है।