लाॅयन न्यूज, बीकानेर। जोधपुर में देर रात झंडे लगाने को लेकर शुरू हुये विवाद बढ़ गया। मामले में दो पक्षों के बीच पत्थरबाजी भी हुई है जिसमें मीडियाकर्मी सहित कुछ पुलिसकर्मीयों के घायल हुए हैं। मामले में तनाव बढ़ने की आंशका को देखते हुए क्षेत्र में इंटरनेट सेवाओं पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।

जोधपुर में सोमवार रात करीब 11:30 बजे मामूली बात को लेकर दो गुट आमने-सामने हो गए। इस दौरान दोनों पक्षों की ओर से जालोरी गेट चौराहे पर देर रात जमकर पत्थरबाजी की गई। मौके पर पुलिस और आरएसी का जाब्ता पहुंचा और स्थिति को कंट्रोल किया। फिर दोनों पक्षों के लोगों से समझाइश कर मामला शांत करवाया। हालांकि देर रात एक गुट के लोग वापस लौटे तो मामला फिर गरमा गया। देर रात तक भारी पुलिस बल जालोरी गेट और ईदगाह क्षेत्र में तैनात रहा।

दरअसल, जालोरी गेट चौराहे पर कुछ लोग झंडे लगा रहे थे। इस दौरान वीडियो बनाते एक शख्स को कुछ युवकों ने पीट दिया। कुछ लोग बीच-बचाव करने आए तो उन्हें भी पीटा। इसके बाद दूसरे गुट ने सामने वाले गुट पर पत्थर फेंकना शुरू कर दिया।