लॉयन न्यूज। बिग बॉस सीजन-13 के विनर सिद्धार्थ शुक्ला की हार्ट अटैक से मौत हो गई। उनकी उम्र 40 साल थी। हार्ट अटैक के बाद उन्हें मुंबई के कूपर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रिपोर्ट्स के अनुसार, उनके शरीर पर किसी तरह की बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। बताया जा रहा है कि बुधवार रात सोने से पहले उन्होंने कुछ दवाएं ली थीं। इसके बाद ही उनकी हालत बिगड़ती चली गई।

 

बिग बॉस में साथ रहे एक्टर्स ने कहा- भरोसा नहीं हो रहा
बिग बॉस सीजन-13 में उनके साथ पार्टिसिपेंट रहे एक्टर बिंदू दारा सिंह ने कहा कि इस खबर पर भरोसा नहीं हो रहा है। वो बहुत फिट थे और खूबसूरत थे। वे बहुत बढिय़ा इंसान थे। जो आदमी इतना फिट हो, वो भी सुरक्षित नहीं है तो कुछ नहीं कहा जा सकता है। उनका जाना हम सब लोगों के लिए बहुत बड़ा नुकसान है।

 

अबू मलिक ने कहा कि मैंने उनसे 2 दिन पहले ही बात की थी, वह मेरे लिए एक वीडियो शूट करने वाले थे। उन्होंने मुझसे कहा था कि वह ऐसा करेंगे, लेकिन मुझे विश्वास नहीं हो रहा है कि वह अब हमारे बीच नहीं हैं। मैं वास्तव में सदमे में हूं। देवोलीना भट्टाचार्जी ने कहा कि यह सच है कि सिद्धार्थ हमें छोड़कर चले गए हैं और मैं अब पहले जैसी नहीं रहूंगी। यह चौंकाने वाली खबर है, अब बोलने के लिए शब्द नहीं बचे हैं।

 

शेफाली जरीवाला ने कहा कि कुछ दिनों पहले हम मिले थे और वो बिलकुल फिट थे। काफी खुश नजर आ रहे थे। हमने घंटों बातचीत की थी। वे अपने काम को लेकर बहुत खुश थे। इससे ज्यादा अब कुछ नहीं बोला जा सकता है मुझसे। उसके निधन की खबर सुनकर हैरान हूं और अब भी यकीन करना मुश्किल है सिद्धार्थ हमें छोड़कर चले गए हैं।

 

मॉडिलिंग से करियर शुरू किया, टीवी सीरियल्स किए और रियलटी शो विनर बने
सिद्धार्थ का जन्म मुंबई में 1980 में हुआ था। उन्होंने मॉडल के तौर पर अपना करियर शुरू किया था। 2005 में उन्होंने वर्ल्ड बेस्ट मॉडल का खिताब भी जीता था। बाद में वो टेलीविजन सीरियल्स में नजर आने लगे। सिद्धार्थ ‘ब्रोकेन बट ब्यूटीफुल-3’, ‘बालिका वधु’ और ‘दिल से दिल तक’ जैसे सीरियल्स से मशहूर हुए। उन्होंने फियर फैक्टर सीजन 7 भी जीता था। सिद्धार्थ सावधान इंडिया और इंडिया गॉट टैलेंट जैसे शो भी होस्ट कर चुके हैं।

 

बालिका वधु के 3 अहम किरदार नहीं रहे
बालिका वधु के तीन किरदार पूरे हिंदुस्तान में फेमस थे। आनंदी, शिव और दादीसा, ये तीनों ही अब इस दुनिया में नहीं हैं। आनंदी का किरदार निभाया था प्रत्यूषा बनर्जी ने और 2010 से वो इस शो से जुड़ीं। वो आनंदी के बचपन के बाद का किरदार निभा रही थीं। 1 अप्रैल 2016 को प्रत्यूषा की बॉडी उनके मुंबई स्थित अपार्टमेंट में फंदे से लटकी मिली थी। दादी सा का किरदार निभाया था, दिग्गज एक्टर सुरेखा सीकरी ने। उनका इसी साल 16 जुलाई को निधन हो गया। उन्हें भी हार्ट अटैक आया था। इससे पहले उन्हें दो बार ब्रेन स्ट्रोक आ चुका था। शिव का किरदार निभाया था सिद्धार्थ शुक्ला ने, जिनकी आज हार्ट अटैक से जान चली गई।