मथुरा।   भगवान बांकेबिहारी लाल की नगरी वृंदावन में दुनिया का सबसे ऊंचा मंदिर बन रहा है। इस मंदिर की इमारत दुनिया की सबसे ऊंची बुर्ज खलीफा से भी ऊंची होगी। बताया जा रहा है कि इस्कॉन संस्था की ओर से वृंदावन में बनाए जाने वाले 70 मंजिला चंद्रोदय मंदिर की ऊंचाई 210 मीटर होगी और इसे एक पिरामिड के आकार में बनाया जाएगा। इसे बनाने की तैयारियां 2006 से की जा रही थीं।

गहराई भी होगी अधिक

इस मंदिर की खास बात यह है कि इसकी केवल ऊंचाई ही नहीं बल्कि गहराई भी अधिक होगी, ताकि नींव भी उतनी ही मजबूत रहे। यह इमारत लगभग 55 मीटर गहरी होगी और इसका आधार 12 मीटर तक ऊंचा होगा, जबकि दुबई स्थित दुनिया की सबसे ऊंची इमारत बुर्ज खलीफा की गहराई मात्र 50 मीटर है।

प्राकृतिक आपदा के लिहाज से भी इसे काफी मजबूत बनाया जा रहा है और 8 रिक्टर स्केल से अधिक तीव्रता का भूकंप भी इसे क्षति नहीं पहुंचा सकेगा। इसके अलावा इसमें प्रयोग किए जाने वाले कांच और अन्य सामान भी भूकंप रोधी होंगे।

कुल 511 पिलर वाला यह मंदिर 9 लाख टन भार सहने की क्षमता वाला होगा और 170 किलोमीटर की तीव्रता के तूफान को भी झेलने में सक्षम होगा।

अब तक का सबसे मॉडर्न मंदिर

परंपरागत द्रविड़ और नगर शैली में बनाया जा रहा यह मंदिर, 200 सालों में अब तक का सबसे मॉडर्न मंदिर होगा, जिसमें 4डी तकनीक से देवलोक और देवलीलाओं के दर्शन भी हो सकेंगे। इतना ही नहीं, इस मंदिर के आसपास प्राकृतिक वनों का वातावरण तैयार किया जाएगा और यमुनाजी का प्रतिरूप तैयार कर नौका विहार की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा सकेगी।

इसके अलावा इसमें श्रीकृष्ण के जीवन लीलाओं को जानने के लिए पुस्तकालय व अन्य माध्यम भी होंगे। 70 मंजिला इस इमारत के प्रारंभिक 3 तलों पर चैतन्य महाप्रभु और राधा, कृष्ण बलराम के मंदिर के अलावा अन्य तलों पर आगंतुकों के लिए गैलरी, टेलिस्कोप सुविधा और अन्य सुविधाएं होंगी जो आसपास के धर्मिक स्थलों से जुडऩे के लिए सहायक होंगी।

इसमें लगाई जाने वाली लिफ्ट की तीव्रता 8 मीटर प्रति 2 सेकंड होगी। यहां 10 एकड़ में अंडरग्राउंड पार्किंग के अलावा सड़क निर्माण और अन्य सुविधाओं को मिलाकर इसके निर्माण में कुल 500 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इस मंदिर का निर्माण 2022 तक पूरा होगा।