भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति
लॉयन न्यूज, बीकानेर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी ने शुक्रवार को भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के सदस्यों के नामों की घोषणा की। घोषित प्रदेश टीम में केन्द्रीय राज्य मंत्री अर्जुनराम मेघवाल और पूर्व मंत्री देवीसिंह भाटी दोनों को एक साथ स्थान देकर पार्टी में शक्ति संतुलन करना चाहा है।

                           वहीं नोखा से बागी चुनाव लड़ चुके बिहारीलाल बिश्नोई को तो प्रदेश टीम में जगह मिल गई मगर लूणकरणसर से भाजपा की टिकट लेकर चुनाव लड़े सुमित गोदारा को प्रदेश टीम में भी न लेकर यह बता दिया है कि अब सुमित पर वसुंधरा राजे का भरोसा उठ चुका हैं। जहां जाट कोटे के सहीराम दुसाद को देहात भाजपा अध्यक्ष बना सुमित की राह में रोडा खड़ा कर दिया गया वहीं प्रदेश टीम से बाहर करके भाजपा ने स्पष्ट सन्देश दे दिया है।

                  दूसरी ओर श्रीडूंगरगढ़ के उप प्रधान और दो बार भाजपा के जिलाध्यक्ष रह चुके रामगोपाल सुथार को टीम में शामिल करके जहां मूल ओबीसी वर्ग को संतुष्ट किया गया है वहीं किशनाराम नाई के विकल्प के रूप में प्रस्तुत किया है। संसदीय सचिव विश्वनाथ मेघवाल भी इन दिनों देवीसिंह भाटी की नाराजगी झेल रहे एवं लम्बे समय से उपेक्षित रहे पूर्व जिलाध्यक्ष जालिम सिंह भाटी को टीम में स्थान दिलाने में कामयाब हो गए।
मजेदार बात यह रही है कि प्रदेश भाजपा ने शहर भाजपा के किसी नेता को प्रदेश टीम में योग्य नहीं समझा जबकि पिछली बार प्रदेश टीम में शहर भाजपा से नंदकिशोर सोलंकी उपाध्यक्ष रह चुके है।