अजमेर। माध्यमिक शिक्षा बोर्ड राजस्थान की सीनियर सैकंडरी विज्ञान और वाणिज्य वर्ग का परीक्षा परिणाम 16 मई को जारी किया जाएगा। परीक्षा परिणाम शाम 6 बजे बोर्ड कार्यालय में घोषित होगा। राजस्थान अध्यापक पात्रता परीक्षा (रीट) का परिणाम भी एक दो-दिन में जारी होने की उम्मीद है। बोर्ड अध्यक्ष प्रोफेसर बी.एल. चौधरी ने बताया कि परीक्षा परिणाम तैयार हो चुका है। परीक्षा परिणाम बोर्ड की वेबसाइट के अलावा पत्रिका.कॉम पर भी देखा जा सकता है। परिणाम के साथ ही इन दोनों परीक्षाओं की मेरिट भी जारी होगी।

14 लाख 91 हजार से अधिक जंचवाई उत्तर पुस्तिकाएं

सोमवार को जारी होने वाले सीनियर सैकंडरी विज्ञान और वाणिज्य वर्ग के परिणाम के लिए शिक्षा बोर्ड ने 14 लाख 91 हजार 252 उत्तर पुस्तिकाएं जंचवाई हैं। इन दोनों परीक्षाओं में कुल 2 लाख 48 हजार 542 विद्यार्थी पंजीकृत थे।

सीनियर सैकंडरी विज्ञान वर्ग में 1 लाख 97 हजार विद्यार्थी पंजीकृत थे। इस परीक्षा के लिए 11 लाख 82 हजार उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कराया गया। इसी प्रकार वाणिज्य वर्ग में पंजीकृत 51 हजार 542 विद्यार्थियों की 3 लाख 9 हजार 252 उत्तर पुस्तिकाओं को जंचवाया गया।

रीट का परिणाम भी एक-दो दिन में

राजस्थान अध्यापक पात्रता परीक्षा (रीट) का परिणाम भी एक-दो दिन में जारी होगा। राज्य में 15 हजार अध्यापकों की भर्ती के लिए कुल 8 लाख 13 हजार 977 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी है।