जोधपुर।    जोधपुर. स्कूलों में गर्मियों की छुट्टियों में बच्चों को घूमना-फिरना और सैर-सपाटा करना अच्छा लगता है। राज्य के विज्ञान व प्रौद्योगिकी विभाग के अधीन पॉलिटेक्निक कॉलेज के पास बना यह शानदार पर्यटन स्थल साइन्स पार्क-  साइंस म्यूजियम है। 

धूप के समय खुलता , छांव के वक्त बंद होता

दिक्कत यह है कि यह धूप के समय खुलता है और छांव के वक्त बंद हो जाता है। साइंस पार्क व म्यूजियम का समय सुबह 10.30 से शाम 5.30 बजे तक है। इस कारण शहर के बाशिंदे, बच्चे और जोधपुर आने वाले पर्यटक जब यह जगह देखने आते है, तब गर्मी से बेहाल रहते हैं।

समय मौसम के अनुकूल नहीं 

जोधपुर में इन दिनों तापमान बहुत अधिक है। एेसी गर्मी में अभिभावक साइसं पार्क व म्यूजियम के सुबह-शाम नहीं खुलने से चाह कर भी अपने बच्चों को नहीं भेजना चाहते। पर्यटक भी यह देख कर हैरान रहते हैं कि इसका समय मौसम के अनुकूल नहीं है। ध्यान रहे कि पार्क व म्यूजियम में मंगलवार को अवकाश रहता है।

झूले बच्चों को आकर्षित करते हैं

साइंस पार्क की खासियत यह है कि यह वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम से बना हुआ है। इसमें तीन अलग-अलग तरह के डायनासोर और विज्ञान पर आधारित कई तरह के झूले लगे हुए हैं।  ये सब बच्चों को बहुत आकर्षित करते हैं।

म्यूजियम में बहुत कुछ

म्यूजियम में बहुत सी एेसी चीजें हैं, जिन्हें जादूगर करिश्मा का नाम देते हैं। कांच का एक एेसा रूम है, जिसमें  व्यक्ति खड़ा रहता है, लेकिन बाहर केवल धड़ दिखाई देता है। वहीं ताजमहल की नींव लकड़ी के पट्टों से भरी गई थी। इसी तरह हेरिटेज गैलरी में व फन साइंस गैलरी में खेल-खेल में बहुत सी रोमांचक जानकारियां दी जाती हैं।

पार्क व म्यूजियम का टिकट

यहां  टिकट 30 रुपए है, जिसमें से 20 रुपए प्रवेश शुल्क और  10 रुपए तारामंडल के शामिल हैंं। तारामंडल का टिकट वही लेता है, जिसे देखना होता है, इसलिए यह वैकल्पिक रखा गया है।

समय बदलें

साइंस पार्क व म्यूजियम का समय दिन में होने के कारण गर्मी के चलते लोग कम ही जाते हैं। वहीं जयपुर में साइंस पार्क व म्यूजियम का समय सुबह 9 से दोपहर 12.30 बजे  तक और शाम  को 4.30 से रात 8 बजे तक है। यह समय पर्यटकों को भी सूट करता है। जोधपुर में भी इसका समय बदलना चाहिए।

 

प्रस्ताव आएगा तो समय बदल देंगे

पार्क व म्यूजियम मनोरंजन और रोमांच के साथ वैज्ञानिक शिक्षा का अहम स्थान है। समय का निर्धारण करना विभाग  के उच्चाधिकारियों के हाथ में है। अगर प्रस्ताव आएगा तो समय बदल दिया जाएगा।