दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज
लॉयन न्यूज, नेटवर्क। अज्ञात चोरों ने हनुमानगढ़ जंक्शन की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी और नई खुंजा क्षेत्र में सूने पड़े दो मकानों को दिनदहाड़े निशाना बनाते हुए लाखों रुपए कीमत के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। इस संबंध में जंक्शन पुलिस थाने में मुकदमे दर्ज करवाए गए हैं। पुलिस के अनुसार विक्रम शर्मा (31) पुत्र गोविन्दराम शर्मा निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, जंक्शन ने लिखित रिपोर्ट पेश करते हुए बताया कि वह शनिवार को श्रीगंगानगर गया हुआ था। घर पर उसकी माता अकेली थी। शाम करीब 5 बजे उसकी माता ताला लगाकर किसी कार्य से घर से बाहर गई। करीब 6.15 बजे उसकी माता वापस लौटी तो घर का ताला टूटा हुआ मिला और सामान बिखरा हुआ था। कमरे में रखी अलमारी का लॉकर खुला हुआ था और कीमती सामान गायब था। कोई अज्ञात व्यक्ति अलमारी से सोने की चार अंगूठी, सोने की दो चेन, सोने के दो मंगल सूत्र, सोने के तीन लॉकेट, सोने की एक नाथ, चांदी की दो जोड़ी पाजेब, चादी की तीन अंगूठी, एक डायमंड सैट और करीब एक लाख रुपए की नकदी चोरी कर ले गया। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच हेड कॉन्स्टेबल जसवंत सिंह को सौंपी है।

उधर, रमनदीप कौर (28) पत्नी गुरलाल सिंह जटसिख निवासी वार्ड 3, नई खुंजा, जंक्शन ने मुकदमा दर्ज करवाते हुए बताया कि उसके पति टैक्सी चलाते हैं। वह खुद मोहल्ले में दुकान चलाती है। शनिवार को उसके पति अपनी टैक्सी लेकर अनूपगढ़ चले गए। वह दोपहर को 1 बजे खाना खाकर अपनी दुकान पर चली गई। रात्रि को करीब 8 बजे उसके पति दुकान पर आ गए। तब वह दोनों घर पहुंचे तो घर के ताले टूटे हुए थे। अन्दर जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था। सार-सम्भाल करने पर पता चला कि घर से कोई अज्ञात व्यक्ति सोने के एक जोड़ी टॉप्स, सोने का एक लॉकेट, एक प्रेस और गेहूं से भरे 4 कट्टे चोरी कर ले गए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच हेड कॉन्स्टेबल नरेश के सुपुर्द की है।