लॉयन न्यूज/सवाई माधोपुर-राजस्थान। राजस्थान के रणथंभौर नेशनल पार्क में एक टाइगर एक कुएं में गिर गया। रणथंभौर पार्क की सीमा पर मौजूद खवा गांव के लोगों की जब नींद खुली और वे कुएं पर गए तो यह नजारा देख उनके होश उड़ गए। कुएं में गिरा टाइगर टी-83 है।
यह गांव रणथंभौर अभयारण्य की सीमा पर है, जहां संभवत: यह टाइगर पानी पीने के उद्देश्य से आया था। सोमवार सुबह-सुबह जब लोग यहां कुएं पर पहुंचे तो उन्होंने यह नजारा देखा। गांव के लोगों ने पुलिस और वन विभाग को सूचना दी। इसके बाद टीम ने मौके पर पहुंच रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। टाइगर करीब चार घंटे तक कुएं के पानी में तैर-तैर कर अपनी जान बचाने की कोशिश में जुटा रहा। गांव के लोग भी उसे बचाने के भरसक प्रयास कर रहे थे, लेकिन अब वन विभाग की टीम ने आधे घंटे के रेस्क्यू आॅपरेशन में ही उसे बाहर निकाल लिया। आखिरकार टाइगर ने खुद और विभाग की टीम के प्रयासों से जान बच गई।
कुएं के आसपास लग गया है देखने वालों का मेला, रेस्क्यू में आई दिक्कत
वन विभाग ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन इसमें उन्हें दिक्कत आई।  कारण है कि यहां गांव वालों का हुजूम जुट गया है। कुएं के आसपास टाइगर देखने वालों की खासी भीड़ जमा हो गई है। मेले जैसी स्थिति बन गई है। इससे वन विभाग परेशानी में आ गया। इसके अलावा भीड़ के शोर से भी कुएं में गिरा टाइगर भी बेहद घबरा गया।
सुबह 5 बजे ही बकरी को बनाया था शिकार
आसपास की छानबीन और पगमार्क की स्थितियों की जानकारी के बाद कुछ तथ्य सामने आए हैं।  वन विभाग ने प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बताया है कि इस टाइगर ने तड़के करीब 5 बजे ही एक बकरी का शिकार किया है। यह शिकार पास के ही गांव खादोह में किया। इसके बाद यह पानी पीने के उद्देश्य से यहां आ गया।