लॉयन न्यूज नेटवर्क। स्टेट इंटेलिजेंस की टीम ने जोधपुर संभाग में पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के लिए जासूसी करने के मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें से तीन जोधपुर व दो जैसलमेर के रहने वाले हैं। अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इन लोगों ने किस तरह की सूचनाएं पाकिस्तान भेजी है। इनके पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है। जोधपुर में इंटेलिजेंस के आला अधिकारी ने इस बात की पुष्टि की है कि पांच लोगों से पूछताछ की जा रही है।

 

बता दें कि स्टेट इंटेलिजेंस की टीम कुछ दिन से कई लोगों पर निगाह रखे हुए थी। बताया जा रहा है कि रविवार को एक साथ की गई बड़ी कार्रवाई में करीब 22 लोगों को डिटेन किया था। इनमें से पांच के तार पाकिस्तान से जुड़े होने की पुष्टि होने के बाद उनको गिरफ्तार कर लिया गया। जयपुर से एक टीम भी पूछताछ करने के लिए जोधपुर पहुंच चुकी है। फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि इन लोगों का पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी से कैसे संपर्क हुआ। साथ ही इन लोगों ने अब तक क्या-क्या जानकारी पाकिस्तान भेजी। अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ये लोग हनीट्रैप का शिकार हुए या फिर ISI के इस क्षेत्र में सक्रिय स्लीपर सेल के जरिए इन लोगों को साधा गया।

 

बता दें देश की सबसे बड़ी फायरिंग रेंज पोकरण में होने के कारण इस क्षेत्र में सैन्य गतिविधियां चलती रहती है। ऐसे में पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी यहां होने वाली सैन्य गतिविधि की जानकारी लेने के लिए समय-समय पर लोगों को अपने जाल में फंसा लेती है। इसके बाद इन लोगों के माध्यम से जानकारी जुटाई जाती है।