निर्दलीय युधिष्ठिर भाटी को मनाने आये थे
लॉइन न्यूज, बीकानेर। केंद्रीय मंत्री गजेन्द्रसिंह शेखावत आज जिस कार्य के लिए बीकानेर आए थे, वह तो हुआ नहीं। अलबत्ता उन्हें बीकानेर के प्रत्याशियों द्वारा अपने-अपने कार्यालय में ले जाने की मशक्कत चर्चा में रही।
पता चला है कि शेखावत का घोषित कार्यक्रम प्रेस कांफ्रेंस था, लेकिन अघोषित रूप से एक प्रत्याशी को समझाना था। पता चला है कि राजपूत समाज से आने वाले बीकानेर पूर्व से निर्दलीय प्रत्याशी युधिष्ठिर सिंह भाटी भाजपा प्रत्याशी के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं। भाटी को मनाने का दबाव सिद्धि कैम्प से प्रदेश नेताओं पर था। इस लिए शेखावत बीकानेर आये।

सुबह जैसे ही शेखवात के आने की जानकारी प्रसारित की गई, सिद्धि कुमारी के सिपहसालार इस बात के लिए अड़ गए कि केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखवात की प्रेस कांफ्रेंस रामा पैलेस में होनी चाहिए ताकि उन्हें समझाया जा सके।
इससे पहले प्रेस कांफ्रेंस का स्थान वृंदावन होटल ही था, जहां भाजपा की गतिविधियां पिछले कई सालों से संचालित होती रही है। आनन-फानन गजेन्द्रसिंह शेखावत की प्रेस कांफ्रेंस वृंदावन होटल से रामा पैलेस में शिफ्ट कर दी गई।
अभी प्रेस कांफ्रेंस खत्म भी नहीं हुई थी कि समाचार आए कि गजेन्द्रसिंह शेखावत बीकानेर विधानसभा पश्चिम के प्रत्याशी गोपाल जोशी के गोकुल सर्किल स्थित कार्यालय पहुंच रहे हैं। शाम को शेखावत को जोशी के कार्यालय में भी देखा गया।
इन दोनों घटनाक्रमों को पार्टी की अहं की लड़ाई के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि दोनों पक्ष इसे पूर्व निर्धारित कार्यक्रम बता रहे हैं तो संगठन के सूत्रों का कहना है कि पहले से कुछ भी तय नहीं था।