लॉयन न्यूज, मल्टीमीडिया डेस्क। भारतीय शेयर बाजार में गिरावट का दौर जारी है। मंगलवार को भी कारोबारी सत्र की शुरुआत अमंगल ही रही। प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स करीब 1300 अंक टूटकर खुला। बाजार में इस गिरावट की वजह ग्लोबल मार्केट में जारी गिरावट है।

1 फरवरी को पेश हुए आम बजट के बाद से भारी गिरावट का दौर जारी है। बजट वाले दिन भी भारी उथल-पुथल नजर आई थी। कुल मिलाकर बजट से पहले जो बाजार नई ऊंचाइयों पर पहुंच रहा था, बजट के बाद भारी गिरावट दिखाई दे रही है।
24 जनवरी से अब तक सेंसेक्स करीब 2461 अंक गिर चुका है। 24 जनवरी को जहां 36,161 अंक के स्तर पर था, वहीं 6 फरवरी, मंगलवार को 11.11 बजे 995.98 अंकों की गिरावट के साथ 33761.18 के स्तर पर है।

बजट की घोषणाओं के साथ भी ऊपर-नीचे हुआ था शेयर बाजार

1 फरवरी को वहां दिल्ली में वित्त मंत्री बजट भाषण पढ़ रहे थे, यहां मुंबई में शेयर बाजार की सांसें ऊपर-नीचे हो रही थीं। प्री-ओपनिंग में शेयर बाजार बढ़त के साथ खुला था। सेंसेक्स 134 अंकों की बढ़त के साथ 36,097 के स्तर पर रहा, वहीं निफ्टी में भी 34 अंकों का सुधार नजर आया था।

बजट भाषण शुरू होने से ठीक पहले भी शेयर बाजार तेजी के साथ खुला था। शुरू में करीब 200 अंकों की बढ़त के साथ सेंसेक्स 36,127 अंक के स्तर पर रहा था। वहीं एनएसई में 42 अंकों की बढ़त रही और यहां 11069 के स्तर पर शेयरों की खरीदी-बिक्री हुई थी।

बजट भाषण के दौरान शुरू में सेंसेक्स सकारात्मक रहा। जब वित्त मंत्री ने किसानों और रोजगार को लेकर बड़े ऐलान किए तो यह 180 अंक तक चढ़ गया था, लेकिन जैसे ही टैक्स स्लैब में कोई बदलाव नहीं होने और सेस बढऩे की खबर आई, सेंसेक्स में गिरावट शुरू हो गई और यह 450 अंक तक नीचे आ गया था।

हालांकि, इसके बाद मार्केट संभला था। कुछ प्लस में आया, लेकिन दिन के आखिरी में 58 अंकों की गिरावट के साथ 35,906 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 10 अंकों की गिरावट के साथ 11,016 के स्तर पर रहा था।