लॉयन न्यूज, मुम्बई। बुधवार को घरेलू बाजार के प्रमुख सूचकांकों को पंख लग गए। बाजार ने कमजोर विदेशी संकेतों को अनदेखा कर दिया। सस्ते भावों पर शेयरों में खरीदारी से बाजार में हरियाली लौट आई। इससे पहले लगातार छह सत्र बाजार गिरकर बंद हुए थे। सबसे ज्यादा खरीदारी बैंकिंग और वित्तीय कंपनियों के शेयरों में दिखी।

बीएसई सेंसेक्स 646 अंक या 1.72 फीसदी की बढ़त के साथ 38,178 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी 50 इंडेक्स ने 187 अंक या 1.68 फीसदी की तेजी के साथ 11,313 पर कारोबार खत्म किया।
मिडकैप इंडेक्स ने डेढ़ फीसदी और स्मॉलकैप इंडेक्स ने तीन चौथाई फीसदी तक की तेजी दिखाई।

इन वजहों से चढ़ा बाजार –

1. बैंक और वित्तीय शेयरों में तेजी
प्राइवेट बैंकों और वित्तीय कंपनियों में भारी बिकवाली देखने को मिली। सेंसेक्स में 600 अंक के उछाल में एचडीएफसी बैंक, एचडीएफसी, कोटक महिंद्रा बैंक और आईसीआईसीआई बैंक का करीब 400 अंक का योगदान रहा।

2. अमेरिका-चीन ट्रेड वार हल होने की उम्मीद
चीन अब भी अमेरिका के साथ आंशिक व्यापार समझौता करने के लिए तैयार है। दोनों देशों के बीच बातचीत से जुड़े एक अधिकारी ने यह जानकारी दी है। दोनों देशों के बीच गुरुवार से बातचीत शुरू होने जा रही है। दोनों देशों के बीच व्यापक समझौता होने की उम्मीद कम दिखती है। लेकिन, आंशिक समझौता हो सकता है।

3. सस्ते भाव पर शेयरों में खरीदारी
लगातार छह सत्र तक गिरने के बाद कई शेयरों के भाव काफी नीचे आ गए हैं। निवेशकों ने मौके का फायदा उठाने के लिए बुधवार को जमकर खरीदारी की।

4. तकनीकी वजहें
एनएसई के निफ्टी 50 ने 11,100 अंक पर अपने सपोर्ट लेवल को आजमा चुका है। लगातार छह सत्र तक गिरने के बाद यह इस स्तर तक पहुंच गया था। अब यह तेजी की तरफ बढ़ रहा है। हालांकि, अभी यह कहना मुश्किल होगा कि यह तेजी आगे भी जारी रहेगी।

निफ्टी 50 इंडेक्स पर IndusInd Bank, Bharti Infratel, Bharti Airtel और State Bank of India के शेयरों ने 5 से अधिक फीसदी की छलांग लगाई। इसके बाद Ultratech Cement, ICICI Bank, Mahindra & Mahindra, Tata Steel, Grasim और Cipla के शेयर 4 से 5 फीसदी तक चढ़े।

दूसरी तरफ, Yes Bank के शेयरों ने 5 फीसदी से अधिक का गोता लगाया। इसके अलावा Hero Motocorp, Zee Entertainment, Titan Company, HCL Technologies, ITC, Tata Consultancy Services, Infosys, Bajaj Auto और ONGC के शेयरों ने गिरावट के साथ सत्र का अंत किया।

बुधवार को सिर्फ निफ्टी आईटी इंडेक्स ही टूटा। इंडेक्स पर टाटा एलेक्सी के शेयरों ने 6.5 फीसदी तक की गिरावट दर्ज की। निजी बैंक, सरकारी बैंक और वित्त सेवा इंडेक्स ने तीन-तीन फीसदी से अधिक की छलांग लगाई। मेटल और रियल्टी इंडेक्स दो-दो फीसदी तक की तेजी दिखाई। निजी बैंक, रियल्टी, मेटल और वित्त सेवा इंडेक्स पर सिर्फ दो-दो शेयरों ने निराश किया। पीएसयू बैंक इंडेक्स पर ओरियंटल बैंक ऑफ कॉमर्स के शेयरों ने सबसे बड़ी गिरावट दर्ज की। वित्त सेवा इंडेक्स पर श्री राम ट्रांसपोर्ट ने 6 फीसदी से अधिक की छलांग लगाई। हिंदुस्तान कॉपर के शेयर 8 फीसदी टूटे।

बुधवार के सत्र के दौरान एनएसई पर एक दर्जन कंपनियों के शेयरों ने अपने 52 सप्ताह का उच्चतम स्तर हासिल किया। इसके उलट, 214 कंपनियों के शेयर अपने 52-सप्ताह के न्यूनतम स्तर तक फिसले।

निफ्टी 50 इंडेक्स पर 38 हरे, जबकि एक दर्जन शेयरों ने लाल निशान के साथ कारोबार का अंत किया। सेंसेक्स पर आठ शेयर फिसले, मगर 22 ने तेजी दर्ज की। बीएसई पर 1,273 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए और 1,247 शेयरों में नरमी देखने को मिली।