अजमेर। पुष्कर-अजमेर रेल लाइन पर रविवार शाम माकड़वाली फाटक पर एक महिला अचेतावास्था में मिली। उसे जवाहरलाल नेहरू अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की शिनाख्त नहीं होने पर क्रिश्चियन गंज थाना पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाया है।  सहायक उप निरीक्षक बाबुलाल टेपन ने बताया कि शाम 5.30 बजे पुष्कर-अजमेर शटल के गार्ड को माकड़वाली रेलवे फाटक पर एक महिला अचेतावस्था में मिली। गार्ड ने उसे यात्रियों की सहायता से उठाकर ट्रेन में रखवा लिया। सूचना पर मदार स्टेशन पहुंची एम्बुलेंस से उसे जवाहरलाल नेहरू अस्पताल भेज दिया। यहां पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत करार दिया। पुलिस के अनुसार महिला खानाबदोश व मानसिक विक्षिप्त थी। उसके बाल कटे हुए और हरे रंग की साड़ी पहने थी। पुलिस महिला की शिनाख्त का प्रयास कर रही है।