मुंबई। टीवी एक्ट्रेस प्रत्युषा बनर्जी को लेकर रोज ब रोज नए खुलासे हो रहे हैं। इसी कड़ी में प्रत्युषा की नौकरानी ने भी कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। एक अंग्रेजी समाचार पत्र से बातचीत में प्रत्युषा की नौकरानी रेणु सिन्हा ने बताया कि वैसे तो प्रत्युषा के पास काफी पैसे थे लेकिन वह दवाओं और छोटी मोटी जरूरतों के लिए उससे पैसे उधार लेती है। सिन्हा के मुताबिक प्रत्युषा और उनके ब्वॉयफ्रेंड राहुल राज सिंह के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे। राहुल की वजह से प्रत्युषा की मां को मुंबई छोड़कर जाना पड़ा था। तब प्रत्युषा की मां ने मुझसे कहा था कि मैं उनकी बेटी पर नजर रखूं। बकौल रेणु सिन्हा,प्रत्युषा मुझे दीदी बुलाती थी। राहुल के साथ विवाद के दौरान मैंने कई बार बीच बचाव की कोशिश की लेकिन यह सोचकर पीछे हट गई थी कि कहीं यह उनकी जिंदगी में दखल तो नहीं है? झगड़े के बाद राहुल फ्लैट से निकल जाता था तब मैं प्रत्युषा के पास जाती थी। उसे मैंने कई बार समझाया कि राहुल से संबंध खत्म कर दो लेकिन वह ऐसा नहीं कर पाई। प्रत्युषा की पासबुक और बैंक के अन्य दस्तावेज भी राहुल के पास थे। प्रत्युषा की कुछ मजबूरी थी कि वह राहुल पर दबाव नहीं बना पाती थी। प्रत्युषा जमशेदपुर जैसे छोटे शहर के मध्यमवर्गीय परिवार की बेटी थी। प्रत्युषा को डर था कि अगर राहुल से संबंध तोड़ा तो इसका असर उनके करियर पर पड़ सकता है और परिवार की भी बदनामी होगी। राहुल के कारण प्रत्युषा डर डर के रहती थी। राहुल की पूर्व गर्लफ्रेंड भी प्रत्युषा को भला बुरा कहती थी। प्रत्युषा खुद पर पैसा खर्च नहीं कर पाती थी। वह न बाहर जाकर खाना खा पाती थी और न फिल्में देखती थी। गौरतलब है कि एक अप्रेल को प्रत्युषा का शव उनके फ्लैट में पंखे से लटका हुआ मिला था। प्रत्युषा के ब्वॉयफ्रेंड राहुलराज सिंह पर आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया गया है।