वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
लॉयन न्यूज, बीकानेर। चूरू जिले के रतनगढ़ तहसील के गांव पाबूसर की रोही में नील गाय की गोली मारकर हत्या करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में वन विभाग ने आरोपी के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार पाबूसर की रोही में ठठावता निवासी करणाराम बावरिया ने नील गाय को गोली मार दी। घटना का पता चलने पर गोरक्षक दल के विजयकुमार चैमाल सहित अनेक कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। मौके पर मौजूद लोगों और गोरक्षक दल के कार्यकर्ताओं ने इसकी सूचना वन विभाग को दी।

 

सूचना मिलने पर रेंजर शंकरलाल सोनी मय जाब्ता मौके पर पहुंचे तथा घटना की जानकारी ली। विभाग ने नील गाय का पोस्टमार्टम करवाकर गोली अपने कब्जे में ले ली है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी। नील गाय की गोली मारकर हत्या करने की सूचना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। मौके पर गांव के लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। गांव के लोगों ने भी पुलिस से नील गाय को मारने वाले युवक को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की। पुलिस ने जल्दी से जल्दी आरोपी को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया।