लॉयन न्यूज, हनुमानगढ़। हनुमानगढ़ टाऊन की इन्दिरा कॉलोनी में मंगलवार की दोपहर को दिनदिहाड़े गोली चलने से दहशत फैल गई। पुलिस के अनुसार मोटरसाइकिल पर आये दो जनों ने एक मकान पर देसी कट्टे से फायर किया और फरार हो गये। दोपहर लगभग साढ़े 11 बजे यह घटना इन्दिरा कॉलोनी में रहने वाले संजय सोनी के मकान पर हुई। यह जानकारी मिलने पर थाने से मौके पर गये एसआई शिवनारायण ने बताया कि घटना के समय संजय सोनी अपनी मकान की छत पर बैठा था। गोली चलने की आवाज से वह भी घबरा गया। उसने छत से ही देखा कि मोटरसाइकिल पर दो जने आये जो बडी तेजी से भाग गये। गोली चलाने वालों में शेरेकां निवासी एवं टिब्बी क्षेत्र का शातिर बदमाश बलदेव सिंह शामिल था। बलदेव सिंह टिब्बी थाना इलाके का हिस्ट्रीशीटर है। संजय सोनी द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर बलदेव सिंह और उसके अज्ञात साथी पर मुकदमा दर्ज किया गया है। प्रारम्भिक पूछताछ में संजय सोनी ने बलदेव सिंह के साथ छात्रसंघ चुनाव की रंजिश होना बताया है। अन्य सूत्रों के मुताबिक यह फायरिंग कथित रूप से मकान मालिक-किरायेदार के बीच चल रहे विवाद के परिणामस्वरूप की गई है। मौके पर पुलिस को चली हुई एक गोली का खोल मिला है।