लॉयन न्यूज, श्रीगंगानगर। भाजपा केन्द्रीय हाईकमान ने पंजाब विधानसभा चुनाव में राजस्थान के दो मंत्रियों की ड्यूटी अबोहर एवं फाजिल्का विधानसभा क्षेत्रों में लगाई है। मंगलवार को इन दोनों क्षेत्रों से पार्टी के उम्मीदवारों अरूण नारंग एवं सुरजीत ज्याणी के समर्थन में आयोजित रैलियों में राजनाथ सिंह के साथ राजस्थान के पंचायती राज मंत्री राजेन्द्र सिंह राठौड़ एवं खनन मंत्री सुरेन्द्रपाल सिंह टीटी ने भी सम्बोधित किया। साथ ही श्रीगंगानगर से भाजपा के जिलाध्यक्ष हरीसिंह कामरा, उपाध्यक्ष उम्मेद सिंह राठौड़ एवं प्रहलाद राय टाक की अगुवाई में काफी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता इन रैलियों में शामिल हुए। इनके साथ पूर्व पार्षद अमरजीत रामगढिय़ा, पवन शर्मा, आईटी सैल के जिला संयोजक क्रांति चुघ, भगवानसहाय महेन्द्रा, अमित चलाना, विजय शर्मा आदि भी शामिल रहे। इन नेताओं ने अबोहर एवं फाजिल्का की दोनों रैलियों में शिरकत की। इस चुनाव में श्रीगंगानगर जिले के भाजपा नेताओं की भी ड्यूटी लगाई गई है।