लॉयन न्यूज। बॉलीवुड फिल्मों में कई बेहतरीन गीत गा चुके सिंगर आतिफ असलम का कंसर्ट अचानक बीच में ही रोक दिया गया। कराची में हो रहे इस आयोजन के दौरान एक लड़की को कुछ मनचले छेड़ रहे थे। इसके बाद आतिफ ने यह कदम उठाया।
आमतौर पर पाकिस्तान में कट्टरपंथियों की क्रूरता के किस्से ही सुनाई देते हैं। मगर यहां पर आतिफ जैसे लोग भी हैं जो इनसे अलग एक मिसाल कायम करने का जज्बा रखते हैं। आतिफ को हिंदी फिल्म सिनेमा में ‘तेरे संग यारा’, ‘जुदा होकर भी’, ‘मैं रंग शरबतों का’, ‘तेरे बिन’ जैसे हिट गानों के लिए जाना जाता है।
कराची में हुए इस म्यूजिक कंसर्ट में ढेर सारे युवा आए हुए थे। ऐसे में आतिफ ने देखा कि लड़कों का एक गैंग लड़की को छेड़ रहा है। ऐसे में आतिफ ने शो बीच में ही रुकवा दिया। लड़की को लड़कों के चंगुल से छुड़वाया। इतना ही नहीं आतिफ ने लड़कों को खूब सुनाई।
आतिफ ने कहा कि क्या कभी आपने लड़की नहीं देखी है? शायद आपकी मां और बहन भी इसी कंसर्ट में हो सकती हैं। इसके बाद आतिफ ने बाउंसर्स की मदद से लड़की को सुरक्षित निकलवाया। जानकारी के मुताबिक इवेंट का नाम ‘कराची-2017’ रखा गया था।
हालांकि सोशल मीडिया पर इस इवेंट की आलोचना भी हुई कि आयोजकों की ओर से इसे फैमिली इवेंट क्यों घोषित किया गया था।