जयपुर। अब विमान में अंतिम समय पर टिकट लेने पर यात्रियों को दोगुना, तिगुना किराया नहीं देना पड़ेगा। साथ ही, समय की भी बचत होगी। एयर इंडिया ने रेलवे के राजधानी रूट पर स्पॉट फेयर सिस्टम शुरू किया है। इसके तहत यात्रियों को राजधानी एक्सप्रेस के एसी प्रथम श्रेणी के किराए पर विमान के उडऩे के एक से चार घंटे पहले टिकट दिया जा रहा है। इसमें देश के 40 शहर शामिल किए गए हैं। यह योजना 30 सितंबर तक लागू है। एेसे में अगर आप अंतिम समय में कहीं यात्री की योजना बना रहे हैं तो इसे आजमा सकते हैं।

बीमारों को रियायती रिटर्न टिकट पहले

अब बीमार यात्रियों को वापसी की रियायती टिकट के लिए मशक्कत नहीं करनी पड़ेगी। रेलवे ने बीमार यात्रियों के लिए एक साथ दोनों रियायती टिकट जारी करने का आदेश दिया है। पहले यात्रियों को एक तरफ की ही रियायती टिकट जारी की जाती थी। यात्रियों को काफी परेशानी होती थी। अचानक टिकट कराने के कारण कंफर्म बर्थ नहीं मिल पाता था।

हर प्लेटफार्म पर एक व्हीलचेयर

बुजुर्ग, बीमार और महिलाओं के लिए स्टेशन के हर प्लेटफार्म पर एक व्हीलचेयर रखी जाएगी। रेलवे बोर्ड ने सभी जोन के महाप्रबंधकों को आदेश जारी कर दिया है। फिलहाल जयपुर जंक्शन पर एक आइसलैंड 2 ए सहित आठ प्लेटफार्म हैं, लेकिन व्हीलचेयर की संख्या आधी ही है। इसी तरह गांधीनगर और दुर्गापुरा सहित अन्य स्टेशन भी  हैं।