तिफरा रेलवे क्रासिंग से लगे देवी नगर में कबाड़ गोदाम और फाइवर की मूर्ति बनाने के कारखाने में शुक्रवार दोपहर भीषण आग लग गई 

बिलासपुर. तिफरा रेलवे क्रासिंग से लगे देवी नगर में कबाड़ गोदाम और फाइवर की मूर्ति बनाने के कारखाने में शुक्रवार दोपहर भीषण आग लग गई। कबाड़ गोदाम और कारखाने के पास बालाजी गैंस कंपनी का गैस गोदाम है। आग फैलकर गोदाम तक पहुंचने से पहले निगम की सात दमकलों से आग पर काबू पाया गया। आग यदि गैस गोदाम में लग जाती तो आसपास का क्षेत्र सिलेण्डरों के ब्लॉस्ट होने से उड़ जाता। दो घंटे की मशक्कत के बाद निगम की सात दमकलों से आग पर काबू पाया गया।

जानकारी के अनुसार तिफरा ओवरब्रिज के नीचे रेलवे क्रसिंग के पास देवी नगर में पश्चिम बंगाल निवासी कृष्णा चौधरी का फाइवर की मूर्तियां बनाने का कारखाना है। शुक्रवार की शाम करीब 4 बजे रेलवे ट्रैक के किनारे कचरे में अज्ञात व्यक्ति ने आग लगा दी। आग फैलती गई कारखाने तक पहुंच गई। तेज हवा चलने के कारण कुछ ही मिनट आग ने भीषण रूप ले लिया। आग लगातार फैलने लगी और कारखाने से लगे फिरोज मेमन के कबाड़ गोदाम में तक पहुंच गई। कबाड़ गोदाम और कारखाने के कर्मचारियों ने आग लगने की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम और निगम के दमकल विभाग को दी। आग बुझाने के लिए कारखाने के कर्मचारी डटे रहे।

सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने आग बुझाना शुरू किया। आग भीषण होने के कारण निगम से एक के बाद एक कर सात दमकल मंगवाई गई। दमकल कर्मियों ने दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। कबाड़ गोदाम के पास बालाजी गैस कंपनी का गैस गोदाम है। तेज हवा चलने के कारण आग लगातार फैल रही थी। गैस गोदाम तक आग पहुंचती तो गोदाम में रखे सिलेण्डर ब्लास्ट हो जाते और आसपास के क्षेत्र में भारी नुकसान हो जाता। समय पर दमकल कर्मियों के पहुंचने और आग फैलने से रोकने के प्रयास के कारण बड़ा हादसा टल गया।