लॉयन न्यूज. बीकानेर – ब.ज.सि.रामपुरिया जैन विधि महाविद्यालय की रासेयो दोनों इकाइयों द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के छठे दिन की शुरूआत स्वयंसेवकों के द्वारा सरस्वती वन्दना से की गई। इसके पश्चात् प्रथम सत्र में स्वयंसेवकों के लिए शैक्षणिक सत्र का आयोजन किया गया। शैक्षणिक सत्र में गोष्ठी का विषय सामाजिक कुरीतियों के निवारण में युवाओं की भूमिका रखा गया। गोष्ठी के मुख्य वक्ता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनन्त जोशी थे। डॉ. जोशी ने स्वयंसेवकों को कहा कि युवा शक्ति ही किसी राष्ट्र में परिवर्तन कर सकती है। किसी समाज में फैली कुरीतियों को युवा ही आगे आकर दूर कर सकता है। युवा में वह ताकत होती है जिससे वह अपने परिवार, समाज और राष्ट्र में कुरीतियों को समाप्त करने की पहल कर सकता है। डॉ. जोशी ने स्वयंसेवकों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि जिस तरह के कार्य स्वयंसेवक अपनी इच्छा शक्ति से कर रहे है उसी तरह वे समाज में फैली इन कुरीतियों के निवारण के लिए भी जन चेतना जागृत करने का प्रयास करे।  इसके पश्चात स्वयंसेवकों ने इस बात हेतु महाविद्यालय प्राचार्य तथा अन्य व्याख्याताओं को विश्वास दिलाया तथा एक संकल्प लिया कि वे समाज में फैली कुरीतियों को दूर करने हेतु प्रयास करेंगे और इसकी शुरूआत वे स्वयं अपने से ही करेंगे।
इसके पश्चात स्वयंसेवकों के द्वारा आज भ्रमण कार्यक्रम रखा गया। स्वयंसेवकों ने कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रीतेश व्यास तथा डॉ. शराफत अली के नेतृत्व में एक स्वास्थ्य चेतना रैली का आयोजन किया। इस रैली में स्वयंसेवकों ने नाल गांव में घर घर जाकर मौसमी बीमारियों, संक्रमित बीमारियों, महिलाओं से सम्बन्धित बीमारियों, कन्या भ्रूण हत्या तथा अन्य बीमारियों के कारण तथा उपचारों से सम्बन्धित जानकारी ग्रामवासियों को प्रदान की तथा साथ ही इनसे सम्बन्धित पोस्टर तथा पेम्पलेट का वितरण भी किया।
भोजनावकाश के पश्चात् तृतीय सत्र में स्वयंसेवकों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन नाल गांव स्थित स्काई बर्ड वाटर पार्क में रखा। जिसमें उन्होंने गायन, नृत्य, चुटकुले इत्यादि कार्यक्रम रखे। जिसमें छात्र संघ अध्यक्ष श्रीधर जोषी, नवरतन सिंह राठोैर , लोकेष गौड, धीरज चायल, विनीत व्यास, हितेष पालीवाल, प्रियका बैद आदि स्वयंसेवकों के द्वारा बढचढ कर हिस्सा लिया गया।