जोधपुर।   जोधपुर में गर्मी बढ़ सकती है ,आंधी चल सकती है।  मौसम विभाग ने रविवार को ही जोधपुर सहित समूचे थार प्रदेश में दो दिन बाद तापमान 48 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंचने का पूर्वानुमान जताया है। विभाग के सेटेलाइट डाटा के अनुसार इस पूरे सप्ताह भीषण गर्मी रहेगी। तापमान अधिक रहने से कई स्थानों पर वायुदाब कम हो जाएगा, जिससे आंधी भी चलेगी।

सुबह 8.30 बजे न्यूनतम तापमान 31.6 डिग्री

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार सुबह 8.30 बजे न्यूनतम तापमान 31.6  डिग्री दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटों के दौरान हवा में नमी अधिकतम 44  प्रतिशत और न्यूनतम  18  फीसद रिकॉर्ड की गई। वहीं इससे पहले सूर्यनगरी में रविवार को न्यूनतम तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

पसीने छूटने लग गए

रविवार को भोर के साथ ही तेज गर्मी पडऩे से शहरवासियों के पसीने छूटने लग गए। जैसे जैसे दिन चढ़ता गया, मौसम गर्म होता गया। दोपहर में तापमापी 44.2 डिग्री को छू गया। एेसा लग रहा था मानो आसमान से आग ही बरस रही है।

दिन भर सन्नाटा पसरा रहा

रविवार शाम पांच बजे तक आसमान से अंगारे बरस रहे थे। उसके बाद भी मौसम में गर्माहट रही। लोगों को एसी व कूलर से ही आराम मिल रहा था। जिले के फलोदी कस्बे में रात का तापमान 30 और दिन का 45.5 डिग्री मापा गया। तेज गर्मी की वजह से कस्बे के मुख्य मार्गों और बाजारों में दिन भर सन्नाटा पसरा रहा।

थार का मौसम

इधर रविवार को जैसलमेर और बाड़मेर में भी बेजा गर्मी रही। बाड़मेर में न्यूनतम तापमान 26.5 और अधिकतम 44.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। जैसलमेर में यह क्रमश: 28 व 44.5 डिग्री मापा गया।