अजमेर।  जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के जयपुर रोड स्थित कमला नेहरू टीबी अस्पताल के स्टोर रूम में आग से एक मरीज की संदिग्ध हालात में जलने से मौत हो गई। नगर निगम की दमकल ने मौके पर आकर आग बुझाई और शव को बाहर निकाला।

कमला नेहरू टीबी अस्पताल में भर्ती अलवर गेट निवासी रोगी नाथूलाल (46) पुत्र देवकरण कोली स्टोर रूम में मृत मिला। बैडशीट और गद्दे में आग लगी थी।

चिकित्सकों के मुताबिक नाथू गुरुवार तड़के 5 बजे से बिस्तर से नदारद था। वार्ड-सी के सामने स्थित स्टोर रूम से बदबू और धुआं निकलने पर मरीज के परिजन ने शक जाहिर किया। स्टोर रूम का दरवाजा खुलते ही अस्पताल में धुआं फैल गया।

अफरा-तफरी मचने पर वार्डों में मौजूद मरीज और उनके परिजन बाहर आ गए। सूचना पर अस्पताल अधीक्षक डॉ. पी. सी. वर्मा, विभागाध्यक्ष डॉ. नीरज गुप्ता सहित अन्य चिकित्सक पहुंचे। पुलिस ने नाथू का शव कब्जे में लेकर जवाहरलाल नेहरू अस्पताल की मोर्चरी में रखवा मामले की जांच शुरू कर दी है।

बेचैनी में भटकता था

अस्पताल में भर्ती मरीज के परिजन ने बताया कि नाथू रात में अक्सर इधर-उधर भटकता रहता था। बुधवार रात भी उसे घूमते हुए देखा गया। चिकित्सकों के मुताबिक सांस की बीमारी से ग्रस्त मरीज अक्सर बैचेन होकर भटकता रहता है। बुधवार को नाथू की मनोस्थिति भी ठीक नहीं थी।

मरीज को निमोनिया था। उसकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं थी। संभवत: बीड़ी पीने के दौरान हादसा पेश आया हो। झुलसने से उसकी मौत हो गई।