लॉयन न्यूज, हनुमानगढ़। एक अज्ञात युवक की हत्या कर उसकी लाश को नहर में फेंक दिया गया। यह लाश पानी में बहते हुए बुधवार दोपहर को हनुमानगढ़ जिले के नोहर थाना क्षेत्र में आकर अटक गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। लाश को बाहर निकाला गया, तो उसके दोनों हाथ टीशर्ट से बंधे हुए थे। एक हाथ पर लाल रंग से अंग्रेजी में आर अक्षर का टैटू गुदा हुआ है। इसी टैटू के आधार पर पुलिस अब इस युवक की शिनाख्त करने में लगी हुई है।

नोहर थाना के सब इंस्पेक्टर मांगूराम ने बताया कि यह लाश गांव बिरकाली की रोही में स्थित बिरकाली माइनर नहर में अटकी हुई थी। दोपहर को किसी की नजर पड़ी, तो उसने थाने में सूचना दी। मृतक 20-25 वर्ष का है। नग्न अवस्था में यह लाश मिली है। दोनों हाथ चैकदार टीशर्ट से बंधे हुए हैं। इसी से ही लगता है कि इस युवक को जीवित ही नहर में फेंका गया है। उसके दोनों हाथ इसलिए बांधे गये होंगे कि वह तैरकर बाहर न निकल सके। युवक के दाहिने हाथ के डोले पर अंग्रेजी का अक्षर आर लिखा हुआ है।

यह अक्षर लाल रंग के टैटू से गुदा गया है। दूसरा हाथ कोहिनी से लेकर कंधे तक चोटिल है। कोहनी से कंधे तक सिर्फ हड्डी ही दिखाई दे रही है। शरीर के कुछ अन्य हिस्सों पर भी चोटें प्रतीत होती हैं, लेकिन इसका पोस्टमार्टम करवाये जाने पर ही पता चल पायेगा। यह लाश 10 से 12 दिन पुरानी है। मृतक के हरियाणा या पंजाब का निवासी होने की प्रबल संभावना जताई गई है। पुलिस जांच-पड़ताल में जुटी हुई है।