लॉयन न्यूज, श्रीगंगानगर। पदमपुर कस्बे के नजदीक चक 23 बीबी में छह-सात माह पहले गायब हुए एक किशोर का मामला अपहरण में तब्दील हो गया है। पुलिस के अनुसार निशानसिंह नामक 16-17 वर्षीय यह किशोर छह-सात माह पहले गायब हो गया था। तब से परिवार वाले उसकी तलाश करते फिर रहे थे।

गुरुवार को निशानसिंह के पिता जगसीर सिंह मजबी ने रिपोर्ट देते हुए बताया कि विगत 21 फरवरी को उसके पास एक फोन आया। पहले फोन करने वाले ने कुछ बात की और फिर उसके पुत्र को फोन दे दिया। पुत्र से वह बात कर पाता, इससे पहले ही फोन कट गया। जगसीर सिंह का कहना है कि यह फोन आने के बाद उसे संदेह है कि उसके पुत्र को कुछ लोगों ने अगवा कर रखा है। धारा 363 में मुकदमा दर्ज किया गया है।