लॉयन न्यूज, हनुमानगढ़। जमीनी विवाद में बहन-भाई का रिश्ता खूनी रंग में रंग गया। बहन-भाई में चल रहा जमीन का विवाद शुक्रवार रात इतना बढ़ गया कि गोलियां चल गई। घटना में दोनों पक्षों के एक-एक जने की मौत हो गई। एक की गोली मारकर तो दूसरे की जीप से कुचलकर हत्या कर दी गई। वारदात से आसपास के क्षेत्र में दहशत फैल गई। मामला डबलीराठान पेमा के चक 15 जेआरके का है।

सदर पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए। इस संबंध में दोनों पक्षों की तरफ से हत्या व अन्य धाराओं में परस्पर मामले दर्ज करवाए गए हैं। पुलिस प्रकरण में अभी किसी की भी गिर?तारी से इनकार कर रही है। जानकारी के अनुसार डबलीराठान के पेमा वास (भांभूवाली ढाणी) निवासी रामकुमार (45) पुत्र पतराम जाट का लालगढ़ थाना अधीन आने वाले गांव डूंगरसिंहपुरा में ब्याही अपनी बहन लक्ष्मी के साथ पैतृक जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। शुक्रवार रात करीब 9.30 बजे रामकुमार जाट चक 15 जेआरके में जमीन की जुताई कर रहा था।

तभी वहां उसका बहनोई महेन्द्र पूनिया पुत्र साहबराम पूनिया निवासी डूंगरसिंहपुरा, लालगढ़ जाटान, बहन लक्ष्मी के अलावा वेदप्रकाश सहारण, रणजीत सहारण, मलकीत सिंह, सुखदेव सिंह, हरदेव सिंह 8-10 अन्य लोगों के साथ दो कारों में सवार होकर आए। इसकी जानकारी मिलने पर रामकुमार जाट के पक्ष के रामस्वरूप, विजय, रामकुमार व 10-15 अन्य मौके पर आए। दोनों पक्षों में हथियारों व लाठियों से मारपीट शुरू हो गई।

बताया जा रहा है कि इस दर?यान महेन्द्र पूनिया ने बन्दूक से रामकुमार जाट पर फायर किया। गोली रामकुमार की छाती में लगने वह नीचे गिर गया। रामकुमार जाट पक्ष के लोगों ने दूसरे गुट के हरदेव सिंह पर जीप चढ़ा दी। इससे वह गंभीर घायल हो गया। मारपीट में महेन्द्र पूनिया पक्ष के रणजीत सिंह, बलदेव सिंह व मलकीत सिंह के भी चोटें आई।

घायलों को टाउन के राजकीय जिला चिकित्सालय ले जाया गया जहां गंभीर घायल रामकुमार जाट व हरदेव सिंह ने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर सदर थानाधिकारी जगदीश प्रसाद पांडर मय जाब्ता घटनास्थल पर पहुंचे तथा मौका मुआयना कर आरोपितों के वाहनों को जब्त कर लिया। पुलिस ने देर रात दोनों शव चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाए।

दोनों पक्षों की तरफ से परस्पर मामले दर्ज
इस संबंध में शनिवार सुबह दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर सदर थाने में परस्पर मामले दर्ज हुए। मृतक रामकुमार जाट के पुत्र सुन्दरलाल (24) ने रिपोर्ट दर्ज करवाते हुए बताया कि उसका पिता रामकुमार शुक्रवार रात खेत में जुताई कर रहा था कि महेन्द्र पूनिया व 8-10 अन्य ने खेत में घुसे। महेन्द्र पूनिया ने बन्दूक से फायर कर उसके पिता की छाती में गोली मारी।

उनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। इस संबंध में पुलिस ने भादंसं की धारा 302, 447, 143 व 27 आ?र्स एक्ट में मामला दर्ज किया है। दूसरे पक्ष के महेन्द्र पूनिया पुत्र साहबराम पूनिया निवासी डूंगरसिंहपुरा, लालगढ़ जाटान ने रिपोर्ट में बताया कि उसकी पत्नी के नाम पौने छह बीघा इन्तकाल दर्ज है। उक्त भूमि हरदेव सिंह पुत्र प्यारासिंह मजहबी सिख को ठेका पर दे रखी है।

शुक्रवार रात हरदेव सिंह जुताई करने चक 15 जेआरके खेत गया तो रामस्वरूप के अलावा 10-15 अन्य वहां आए और हरदेव सिंह पर जीप चढ़ा दी। जिसकी जिला चिकित्सालय में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर भादंसं की धारा 302, 447, 323, 143 व 3 (2)(वी) एससीएसटी एक्ट में मामला दर्ज किया है। दोनों मामलों की जांच एससीएसटी सेल के सीओ भंवरलाल कर रहे हैं।