लॉयन न्यूज, श्रीगंगानगर। श्रीगंगानगर से बीती रात अनूपगढ़ अपने दोस्त की शादी में जा रहे दो दोस्तों की कार गन्ने से लदी हुई एक ट्रेक्टर-ट्रॉली में जा घुसी। इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई तथा दूसरा गम्भीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा रायसिंहनगर थाना क्षेत्र में चक 11-12 पीएस के बीच रविवार रात लगभग साढ़े 10 बजे हुआ। पुलिस के अनुसार कार मेें विवेक पुत्र हंसराज शर्मा निवासी बैंक कॉलोनी तथा मनविन्द्र सहारण पुत्र संजय सहारण निवासी पुरानी आबादी श्रीगंगानगर सवार थे।

यह दोनों अनूपगढ़ में अपने एक दोस्त की शादी में शिरकत करने के लिए जा रहे थे। चक 11-12 पीएस के बीच कार के आगे जा रही गन्ने से लदी हुई ट्रेक्टर-ट्रॉली के चालक ने सामने से कोई वाहन आ जाने पर अचानक ब्रेेक लगा दिये। पीछे आ रही कार ट्रेक्टर-ट्रॉली के नीचे जा घुसी। यह टक्कर इतनी जोर से हुई कि कार का आगे का लगभग आधा हिस्सा ट्रॉली के नीचे घुस गया। इसमें सवार दोनों जने बुरी तरह से फंस गये। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि इन दोनों को बड़ी मुश्किल से बाहर निकाला गया। कार को कईं जगह से तोडऩा पड़ा। विवेक की मौके पर ही मौत हो गई।

मनविन्द्र सहारण को रायसिंहनगर के सरकारी अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिये जाने के बाद श्रीगंगानगर रैफर कर दिया गया। विवेक के चाचा रामस्वरूप निवासी 465 आरडी हैड द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर ट्रेक्टर-ट्रॉली के चालक पर लापरवाही बरतने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। विवेक का शव सोमवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिवारजनों को सौंप दिया।