धर्मयात्रा में दिखा रामभक्तों का हुजूम
धर्मयात्रा की ग्राउण्ड रिपोर्ट

लॉयन न्यूज,बीकानेर,9 अप्रैल। भारतीय नववर्ष पर आज दिनभर कार्यक्रमों की धूम रही। अल सुबह से ही लोग एक दूसरे को बधाई देते हुए दिखाई दिए। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी नववर्ष पर धर्मयात्रा निकली। विभिन्न मार्गो से होते हुए धर्मयात्रा जब जूनागढ़ किले के आगे पहुंची तो महाआरती के साथ सम्पन्न हुई। इस दौरान पुरे शहर में भगवा ही भगवा दिखाई दिया।

भगवा जोश दिखा हाई
धर्मयात्रा एमएम ग्राउण्ड से रवाना हुई। रवाना होने से लेकर सम्पन्न होने तक पुरे रास्ते में भगवा ही भगवा दिखाई दिया। कहीं भगवा ध्वज हाथों में दिखाई दिए तो कहीं भगवा साफा,टोपी,गमछा,कुर्ते पजामा पहले युवा दिखाई दिए। इस भगवे जोश में महिलाएं और युवतियां भी पीछे नहीं रही। बड़ी संख्या में महिलाएं भी भगवा वस्त्रों में दिखाई दी।

 

ध्वज हाथ में मुख पर जय श्री राम
एमएम ग्राउण्ड से रवाना होकर धर्मयात्रा धर्मनगर द्वार,गोकुल सर्किल,नत्थुसर गेट,बारहगवाड़ चौक,सदाफते,रत्ताणी व्यासों का चौक,मोहता चौक,तेलीवाड़ा होते हुए दाऊजी मंदिर पहुंची। इस रास्ते में हर और भगवा ध्वज के साथ जय श्री राम के उद्घोष ही सुनाई दिए। दाऊजी मंदिर के आगे डीजे पर हाथों में भगवा ध्वज लिए युवा थिरकते हुए दिखाई दिए। वहीं जमकर गुलाल भी उड़ा जा रही थी। जिससे माहौल पुरी तरीके भगवामय राममय हो गया। दाऊजी मंदिर से लेकर जुनागढ़ किले तक भी यह एक ही नारा एक ही नाम जय श्री राम जय श्री राम गुंजता रहा।

जलपान के साथ रामभक्तों का भव्य स्वागत
धर्मयात्रा में रामभक्तों का जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया। आम से लेकर खास तक सभी ने रामभक्तों का दिल खोलकर स्वागत किया। कहीं रामभक्तों के लिए लस्सी तैयार थी तो कहीं गुलाब के साथ गुलाल उड़ाकर स्वागत किया जा रहा था। रामभक्तों के लिए कहीं छाछ तैयार मिली तो कहीं चंदन के तिलक के साथ स्वागत किया गया। धर्मयात्रा में पहुंचे लोगों के लिए अलग-अलग व्यवस्था तैयार थी। जिसको लेकर बच्चों से लेकर युवओं और महिलाओं में भी जबरदस्त उत्साह देखा गया। सभी लोग समान भाव से जलपान का आनंद लेते हुए राम के नारों के बीच आगे बढ़ते हुए जा रहे थे।

मुस्लिम मंच पर महादेव,दिखी अलग झलक
धर्मयात्रा के कई अलग-अलग नजारें देखने को मिले। कई युवाओं ने बड़ी सी पगड़ी पहनी हुई दिखाई दी तो बीाकनेर में अपनी आवाज के लिए पहचाने जाने वाले कलाकार मास्टर नानू वृंदावन के महाराज प्रेमानंद जी महाराज के रूप में दिखाई दिए। वहीं कई गाडिय़ों में भारत माता के बड़े-बड़े कट आउट भी दिखाई दिए। महादेव का रूप धारण किए बच्चा भी चर्चा में रहा। हर कोई बच्चे के साथ फोटो खिंचवाता दिखा।
कोटगेट पर पहुुंंचते पहुंचते महादेव के रूप बच्चे को मुस्लिम मंच के स्वागत मंच पर चढ़ा दिया गया। इस दौारन गंगाजुमनी तहजीब दिखाई दी। जब एक मुस्लिम समाज के व्यक्ति की गोद में महादेव के रूप में बच्चा दिखाई दिया। हर कोई इसे अपने फोन में क्लिक करने को आतुर दिखाई दिया।

 

सड़कों से छतों तक हुजुम,वीआईपी का जमावड़ा
पुरी धर्मयात्रा के मार्ग पर सड़कों से लेकर छतों तक लोग ही लोग दिखाई दिए। छतों पर बड़ी संख्या में महिलाएं,युवतियां देखी गई जो कि छत से ही रामभक्तों का जोश बढ़ा रही थी। सड़कों पर तो बस रामभक्त ही थे। वहीं पुरी धर्मयात्रा का जमकर स्वागत हुआ। जिसमें वीआईपी का जमावड़ा विशेष आकर्षण का केन्द्र रहा। भाजपा का हर नेता इस धर्मयात्रा को लेकर उत्साहित दिखाई दिया। केन्द्रीय मंत्री अर्जुनराम,विधायक अंशुमान सिंह भाटी,विश्वनाथ भाटी स्वागत करते हुए दिखाई दिए तो विधायक जेठानंद व्यास धर्मयात्रा के सिरमौर की तरह रामभक्तों के साथ ही दिखाई दिए। इस दौरान शहर अध्यक्ष विजय आचार्य,यूआईटी के पूर्व चेयरमैन महावीर रांका,युधिष्ठर सिंह भाटी,भाजपा नेता मनीष सोनी द्वारा स्वागत किया गया।

 

गर्मी के पारे से ज्यादा रामभक्तों का पारा हावी
दोपहर तीन बजे शुरू हुई धर्मयात्रा के लिए तैयारियां तो अल सुबह से ही शुरू हो गयी। करीब तीन बजे से एमएम ग्राउण्ड के आगे लोग पहुंचने लगे। चार बजे के करीब धर्मयात्रा रवाना हुई। तेज गर्मी के बीच काफी देर तक लोग परेशान होते हुए दिखाई दिए लेकिन जैसे ही नत्थुसर गेट के अंदर प्रवेश किया। जिसके बाद रामभक्तों का जोश गर्मी के पारे से ऊपर चला गया। रामभक्त फिर तो पुरे रास्ते ही बेफ्रिक होकर आंनद लेते हुए दिखाई दिए हालांकि कई जगहों पर गर्मी से निजात दिलाने के लिए फव्वारों की भी व्यवस्था देखी गयी।

 

प्रशासन दिखा मुस्तैद
पुरी धर्मयात्रा में प्रशासन पुरी तरीके से मुस्तैद दिखाई दिया। एमएम ग्राउण्ड से लेकर जुनागढ़ किले तक प्रशासन का भारी जाब्ता तैनात रहा। कई थानों की पुलिस टीमें लगातार पल-पल नजर बनाए हुए थी। बाकयदा ड्रोन से भी इसकी निगरानी की गयी तो छतों के माध्यम से भी आसपास की सभी एक्टिविटी पर नजर रखी जा रही थी। इस दौरान कई जगहों पर आमजन भी पुलिस की सेवा में दिखे। कहीं छाछ पिलाई तो कहीं लस्सी की भी व्यवस्था पुलिसकर्मियों के लिए की गई।