लॉयन न्यूज, बीकानेर। राजस्थान के बूंदी जिले में पापड़ी गांव के पास बुधवार को शादी की रस्म (भात) में शामिल होने जा रहे लोगों से भरी बस नदी में गिर गई। हादसे में 24 लोगों की मौत हुई। पांच घायलों को कोटा रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार बस कोटा से सवाईमाधोपुर जा रही थी। मरने वालों में 10 पुरुष, 11 महिलाएं और तीन बच्चे शामिल हैं। घटना का कारण बस का गियर फेल होना बताया जा रहा है। हालांकि, इसकी भी पुष्टि नहीं हो सकी। प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसे के वक्त बस की रफ्तार काफी तेज थी। मेज नदी के पुल पर बस अनियंत्रित हो गई और नदी में जा गिरी। ग्रामीणों ने लोगों को बचाने की भरसक कोशिश की। पुलिस और प्रशासन को सूचना दी गई।
घटनास्थल पर पहुंचे पूर्व मंत्री की आंखों में फेंकी मिट्टी
पूर्व परिवहन मंत्री बाबूलाल वर्मा के कार्यकाल में यह पुल बना था। वो घटनास्थल पर पहुंचे तो लोगों ने उनकी आंखों में मिट्टी फेंक दी। गुस्साए लोगों का आरोप था कि वर्मा ने इस पुल को चौड़ा नहीं कराया। यह हादसे की वजह बनी। हालांकि कुछ लोगों ने बीच-बचाव करते हुए उन्हें वहां से निकाला। जानकारी के अनुसार बस उल्टी गिरी। इस वजह से जो लोग तैरना जानते थे वो भी निकल नहीं पाए। सभी मृतक वधू के ननिहाल पक्ष के थे। ये बुधवार को होने वाली शादी के लिए भात (एक स्थानीय वैवाहिक रस्म) लेकर जा रहे थे।