लॉयन न्यूज, बीकानेर। कोटा जिले की सीमा के आखिरी क्षेत्र खातौली क्षेत्र के गोठड़ा गांव में बुधवार सुबह एक नाव चम्बल नदी में डूब गई। इस नाव में 50 से अधिक लोग सवार थे। साथ ही ग्रामीणों की मोटरसाइकिलें भी इस नाव में रखी हुई थे। कई लोगों के नदी में डूबने की आशंका है। नाव में महिलाएं और बच्चे भी सवार थे। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और अपने स्तर पर बचाव व राहत कार्य में जुटे हुए है। पुलिस और प्रशासन भी मौके पर पहुंच गया है। हादसे की सूचना मिलने पर कोटा से भी बचाव और राहत दल रवाना हो गए हैं। जिला कलक्टर और एसपी ने हादसे की जानकारी ली और आला अधिकारी मौके के लिए रवाना हो गए हैं। पत्रिका के इटावा और खातौली संवादददाता की रिपोर्ट के अनुसार नाव में 50 से अधिक लोग सवार थे, जो गोठड़ा गांव से चम्बल नदी पार कर रहे थे। अचानक नाव असन्तुलित हो गई और पानी भरने लग गया। नाव को डूबता देखकर इसमें सवार लोग चम्बल नदी में कूद गए थे, इसके बाद नाव भी पानी में डूब गई है। जो लोग तैरना जानते थे, वह तैरकर नदी से बाहर आ गए हैं। अभी तक यह पता नहीं चला कि कितने लोग नदी में डूबे हुए हैं। मौके पर सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मौके पर है। लोगों की तलाश युद्ध स्तर पर जारी है।