लॉयन न्यूज,नेटवर्क,14 अप्रैल। भारत की 12 हजार सरकारी वेबसाइट्स एक हैकर ग्रुप के टारगेट पर हैं। ‘हैक्टिविस्ट इंडोनेशिया’ नाम के ग्रुप ने भारतीय सरकारी वेबसाइटों की एक लिस्ट जारी करने का दावा किया है, जिन पर वह आने वाले दिनों में साइबर अटैक कर सकता है। गृह मंत्रालय के साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर ने गुरुवार (13 अप्रैल) को साइबर सिक्योरिटी को लेकर एक रिपोर्ट जारी की थी। इस रिपोर्ट में मंत्रालय ने अलर्ट जारी करते हुए कहा था कि, ‘यह देखा जा रहा है कि राज्य और केंद्र सरकार को टारगेट किया गया है।’

 

अलर्ट सभी एजेंसियों, केंद्र और राज्य सरकार के विंग को सर्कुलेट किया गया है। हालांकि, भारत सरकार की वेबसाइट्स ‘अपडेट’ और ‘केपेबल’ हैं, जो इस तरह के खतरों से निपट सकती हैं। रिपोर्ट में सरकारी अधिकारियों को इससे बचने के उपायों की जानकारी भी दी है।

 

रिपोर्ट में बताया कि साइबर थ्रेट इंटेलिजेंस विंग को इनपुट मिला कि ‘हैक्टिविस्ट इंडोनेशिया’ नाम का ग्रुप भारत की वेबसाइट्स पर साइबर अटैक करने जा रहा है। इनपुट को सबसे पहले मिनिस्ट्री ऑफ इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इनफॉरमेशन टेक्नोलॉजी के तहत काम कर रही एक नोडल एजेंसी, इंडियन कंप्यूटर इमरजेंसी रिस्पांस टीम के साथ साझा किया गया था। इस टीम ने राज्यों में नोडल साइबर-क्राइम यूनिट्स के साथ संभावित खतरे के बारे में जानकारी शेयर करने को कहा था।