गुवाहाटी। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए गुरुवार को कहा कि पिछले दो साल से केंद्र की सत्ता पर काबिज नरेंद्र मोदी सरकार ने असम के लोगों से किए एक भी वादे पूरे नहीं किए। कांग्रेस अकेली ऐसी पार्टी है जो प्रदेश के गरीब और पिछड़े लोगों के हित में काम कर सकती है।

सोनिया ने सारूखेत्री और जागीरोड में विधानसभा चुनाव रैली को संबोधित करते हुए भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार पर तीखे प्रहार करते हुए कहा कि उसने प्रदेश के गरीब और पिछड़े लोगों के कल्याण का कोई काम नहीं किया है। ऐसे में राज्य की जनता के पास एकमात्र विकल्प कांग्रेस है और लोगों को उनकी पार्टी के पक्ष में जमकर मतदान करने चाहिए।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चुनौती देते हुए कहा कि मोदी यह बताएं कि पिछले दो साल में उन्होंने असम की जनता के लिए क्या किया है। मोदी और भाजपा नेताओं ने 2014 में लोकसभा चुनाव से पहले बहुत बड़े-बड़े वादे किए। उन्हें सत्ता में आए दो साल हो चुके हैं। मैं मोदी जी से पूछना चाहती हूं कि उन्होंने असम और यहां की जनता के लिए क्या किया है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि मोदी द्वारा शुरू किये गए ‘मेक इन इंडिया’ कार्यक्रम और उनसे जुड़े नारों की गूंज पिछड़े पूर्वोत्तर के पिछड़े राज्यों तक नहीं पहुंच सकी। भीषण बाढ़ की त्रासदी झेल चुके असम की समस्याओं से मोदी सरकार ने मुंह मोड़ लिया। वह बताएं कि इस प्रदेश की समस्याओं के समाधान के लिए सरकार ने कौन-कौन से कदम उठाए हैं। कांग्रेस ने कहा कि राजग सरकार ने अमीर कॉर्पोरेट घरानों को फायदा पहुंचाने के लिए संसद में भूमि अधिग्रहण और वस्तु एवं

सेवा कर जैसे विधेयक पेश किए। लेकिन, कांग्रेस ने देश की गरीब जनता के हितों का ध्यान रखते हुऐ हमेशा इन विधेयकों का विरोध करती रही।

उन्होंने असम की जनता से तरुण गोगोई के नेतृत्व में एक बार फिर कांग्रेस को सरकार बनाने का मौका देने की अपील करते हुए कहा कि वह वादा तोडऩे वालों को सबक सिखाने के लिए कांग्रेस के पक्ष में जमकर मतदान करें ताकि उनकी सरकार बनने पर वह राज्य और उसकी जनता के लिए और बेहतर काम कर सके।