नई दिल्ली. करिश्मा और संजय कपूर के तलाक केस पर सुप्रीम कोर्ट में शुक्रवार से सुनवाई होगी। इससे एक दिन पहले यानी गुरुवार को करिश्मा-संजय आपसी रजामंदी से अलग होने के ज्यादातर मुद्दों पर राजी हो गए। हालांकि, बच्चों से मिलने के मुद्दे पर दोनों कोई फैसला नहीं ले पाए हैं। बच्चे अभी करिश्मा के पास रहते हैं।
सुप्रीम कोर्ट में क्यों गया मामला…
 – करिश्मा और संजय की शादी 14 साल पहले हुई थी। दोनों के बीच दूरियां आईं और अब तलाक का मामला कोर्ट में है।
– दोनों ने मुंबई में तलाक की पिटीशन 2014 में दायर की थी। लेकिन संजय ने सुप्रीम कोर्ट में अर्जी दायर करके कहा था कि मामले की सुनवाई दिल्ली में होनी चाहिए, क्योंकि उन्हें मुंबई में रवि पुजारी गिरोह से धमकियां मिल रही हैं।
– एक अंग्रेजी अखबार के मुताबिक, गुरुवार रात को संजय और करिश्मा ने विवाद सुलझाने की कोशिश की। दोनों के बीच सभी मुद्दों को सुलझाने पर करीब-करीब रजामंदी बन गई। लेकिन दो बच्चों समायरा और कियान पर मतभेद अब भी कायम हैं।
– बच्चे फिलहाल करिश्मा के पास रहते हैं। इनकी विजिटिंग और कस्टडी का इश्यू सॉल्व नहीं हो सका।
 क्या कहा करिश्मा के वकील ने?
 – करिश्मा के वकील ने कहा- “उम्मीद है कि दोनों के बीच रजामंदी से मुद्दे हल हो जाएंगे। हमने गुरुवार देर रात तक बात की। जरूरी हुआ तो सुनवाई से पहले शुक्रवार को और बात करेंगे।”
– दिल्ली हाईकोर्ट ने पहले दोनों को सुझाव दिया था कि वे बातचीत से मसला सुलझाएं।
– करिश्मा ने 2012 में संजय का घर छोड़ दिया था। फिलहाल, वे अपने पेरेंट्स के साथ मुंबई में रहती हैं। संजय दिल्ली में रहते हैं।
 मुंबई में चल रहा था मामला
 – करिश्मा और संजय के बीच तलाक और बच्चों को अपने पास रखने का अधिकार हासिल करने का मामला मुंबई की एक कोर्ट में चल रहा था।
– कोई फैसला आ पाता, उससे पहले ही दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगाने लगे।
– सुप्रीम कोर्ट ने संजय-करिश्मा के वकीलों से समझौते के लिए शर्तें तैयार करने को कहा था।
– करिश्मा कपूर ने संजय और अपनी सास के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मामला भी दर्ज कराया।
 2012 से अलग हैं करिश्मा-संजय
 – करिश्मा ने 29 सितंबर, 2003 को बिजनेसमैन संजय कपूर से शादी की। यह करिश्मा की पहली और संजय की दूसरी शादी थी।
– 2012 में दोनों अलग हो गए। करिश्मा मां बबिता के साथ मुंबई में रह रही हैं।
– पहले दोनों ने आपसी रजामंदी से तलाक की अर्जी दायर की थी।
– नवंबर 2015 में दोनों ने मुंबई के फैमिली कोर्ट से तलाक की अर्जी वापस ली।
– करिश्मा कहना था कि संजय डिवोर्स के लिए तय किए गए फाइनेंशियल कमिटमेंट पूरे नहीं कर सके।
– संजय ने मुंबई के बांद्रा कोर्ट में दिसंबर में दोबारा डिवोर्स पिटीशन दाखिल की थी।
– उन्होंने बाद में रवि पुजारी गैंग से धमकियां मिलने की शिकायत की और सुप्रीम कोर्ट में अर्जी दी।