लॉयन न्यूज, बीकानेर। चूरू जिले के सरदारशहर में एक 14 साल की किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। जिसे आरोपी स्कूल से वापस घर आते वक्त उठा ले गए। पीडि़त ने तीन युवकों पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया है। किशोरी के परिजनों ने फिलहाल पुलिस में मामला दर्ज करवाया है। इसके साथ ही किशोरी का मेडिकल करवाया जा रहा है। मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पीडि़त 9वीं क्लास में पढ़ती है। पीडि़ता ने बताया कि 8 फरवरी को शाम 4:15 बजे स्कूल से वापस घर आ रही थी। इस दौरान एक सफेद रंग की कार मेरे सामने आकर रुकी। गाड़ी में सवार तीन लोग मुझे जबरदस्ती बैठाकर अपने साथ ले गए। तीनों ने सामूहिक दुष्कर्म का वीडियो भी बनाया। इसके बाद चाकू और पिस्तौल दिखाकर डराया कि अगर किसी को बताया तो तुझे और परिवार को मार देंगे। इसके बाद शाम करीब 7 बजे गांव के पास छोड़कर भाग गए।

पीडि़त ने बताया की बदनामी के डर से परिजनों को कुछ नहीं बताया। बड़ी बहन को शक हुआ तो उसने बार-बार पूछना शुरू किया। इसके बाद बहन को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद घटना के बारे में परिवार को बताया तो परिजन शनिवार देर रात थाने में मामला दर्ज करवाने पहुंचे। पीडि़त के अनुसार तीनों आरोपियों में से एक उसके चचेरे भाई की शादी में आया था। अन्य दो को भी वो पहचान सकती है। इनमें से दो को गिरफ्तार कर लिया गया है।